चंदौली। मॉडल ग्राम बनाने की प्रगति में बरहनी का सबसे खराब प्रदर्शन और व्यक्तिगत शौचालय के वितरण में नियामताबाद, सदर और चहनिया में ढिलाई के खिलाफ सीडीओ ने संबंधित अधिकारियों को फटकार लगाई। स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) फेज-2 की खराब प्रगति, काम में सुधार न होने पर कार्रवाई की चेतवानी दी गई। शनिवार को कलेक्ट्रेट सभागार में सीडीओ एसएन श्रीवास्तव की अध्यक्षता में जिला स्वच्छ भारत मिशन मैनेजमेंट कमेटी की बैठक हुई। समीक्षा में सभी बिंदुओं की निराशाजनक प्रगति पर सीडीओ ने कड़ी नाराजगी जताते हुए फटकार लगाई।
बैठक में व्यक्तिगत शौचालय के वितरण की प्रगति नियामताबाद, सदर और चहनिया में खराब मिली। वहीं, उदीयमान, उज्ज्वल एवं मॉडल ग्राम बनाने की प्रगति में बरहनी का सबसे खराब प्रदर्शन है। सीडीओ ने संबंधित अधिकारी को कड़ी चेतावनी देते हुए एक सप्ताह में शत प्रतिशत लक्ष्य पूरा कराने के लिए कहा। खराब प्रदर्शन करने वाले अधिकारियों को चेतवनी के साथ सीडीओ ने ओडीएफ प्लस, गंगा किनारे ग्राम पंचायतों में शत प्रतिशत काम कराकर उनका संचालन कराने के लिए कहा। राजस्व ग्रामों में ठोस अपशिष्ट प्रबंधन शौचालय निर्माण एवं संचालन में कम प्रगति प्राप्त होने पर संबंधित अधिकारी को एक सप्ताह तक प्रगति में सुधार लाने के लिए कहा।