पीडीडीयू नगर। केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड की परीक्षाएं बुधवार को जिले के नौ सेंटरों पर शुरू हुई। बुधवार को दसवीं के परीक्षार्थियों की अंग्रेजी की परीक्षाएं दी। दो मई से 12वीं के मुख्य विषयों की परीक्षाएं शुरू होंगी। कोरोना के कारण दो वर्ष बाद हो रही परीक्षा को लेकर सेंटरों पर अतिरिक्त सतर्कता बरती गई। वहीं परीक्षार्थियों में भी उत्साह दिखा।
वैसे तो सीबीएसई बोर्ड की परीक्षाएं मंगलवार से शुरू हुई थी लेकिन पहले दिन दसवीं के चित्रकला की परीक्षाएं हुई। इसमें बहुत कम परीक्षार्थी रहे। बुधवार से मुख्य परीक्षाएं शुरू हुई। परीक्षा के लिए जिले के नौ स्कूलों को सेंटर बनाया गया। यहां दसवीं में 4808 परीक्षार्थी पंजीकृत हैं। हालांकि पहले दिन कुछ परीक्षार्थियों ने परीक्षा छोड़ दी। शूचिता बनाए रखने के लिए छात्रों के प्रवेश पत्र पर क्यू आर कोड छपा है। इसके स्कैन करते ही छात्र का बायोडाटा सामने हो जाएगा। परीक्षा के मद्देनजर केंद्रीय विद्यालय मानस नगर, लक्ष्मी पब्लिक स्कूल, एसजी पब्लिक स्कूल, सनबीम स्कूल, यूनिवर्सल पब्लिक स्कूल सहित नौ सेंटरों पर सुरक्षा के व्यापक इंतजाम रहे। मास्क पहन कर ही परीक्षा देने की इजाजत दी गई। वहीं एक कक्ष में बीस परीक्षार्थियों के बैठने की व्यवस्था की गई है। परीक्षार्थी परीक्षा शुरू होने के समय 10.30 से पहले ही पहुंच गए थे। कोविड़ प्रोटोकाल के बीच परीक्षार्थियों को कक्ष में बैठाया गया और परीक्षा ली गई।
पीडीडीयू नगर। नगर के केंद्रीय विद्यालय में दसवीं की परीक्षा के पहले दिन पांच परीक्षार्थियों ने परीक्षा छोड़ दी। यहां 1170 परीक्षार्थियों में 1165 ने परीक्षा दी। केंद्रीय विद्यालय में सनबीम स्कूल, सेंट थामस, अल हनीफ व मानस कांवेंट स्कूल के सेंटर आए हैं। प्राचार्य केके भारती, मीडिया प्रभारी मनीष पांडेय ने बताया कि परीक्षा कोविड प्रोटोकाल के तहत सुरक्षा के बीच हुई। इसी तरह रविनगर स्थित एसजी पब्लिक स्कूल में एसआरवीएस व केंद्रीय विद्यालय के परीक्षार्थियों का केंद्र बनाया गया था। परीक्षा सुबह 10.30 बजे शुरू हुई। विद्यालय के गेट पर ही छात्रों के पहचान पत्र की जांच के बाद स्कूल में प्रवेश दिया गया। एसजी पब्लिक स्कूल में 602 परीक्षार्थियों ने परीक्षा दी।