पीडीडीयू नगर। केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) की 10वीं का रिजल्ट बुधवार की दोपहर जारी कर दिया गया। 10वीं में सनबीम स्कूल के आरव राय ने 98.8 प्रतिशत अंक हासिल कर जिला टॉपर बने हैं।
जिले के 08 केंद्रों पर 17 फरवरी से 11 मार्च तक 10वीं की परीक्षा हुई थी। पीडीडीयू नगर के कैलाशपुरी स्थित लक्ष्मी पब्लिक स्कूल, सनबीम मुगलसराय, बीएंडबी इंटरनेशनल स्कूल, खरखोलिया (धानापुर), सेंट जोसेफ स्कूल, चहनियां, जेएस पब्लिक स्कूल, पांडेयपुर (बबुरी), सेंट अल-हनीफ एजुकेशनल सेंटर, पड़ाव, पीएमश्री केंद्रीय विद्यालय, पीडीडीयू नगर तथा एसजी पब्लिक स्कूल, रविनगर (पीडीडीयू नगर) में हुई परीक्षाओं में 4,756 विद्यार्थियों ने प्रतिभाग किया।
परीक्षा के बाद से परीक्षार्थी रिजल्ट का इंतजार कर रहे थे। इस बीच बुधवार की दोपहर बाद 10वीं का रिजल्ट जारी कर दिया गया। रिजल्ट जारी होते ही परीक्षार्थी मोबाइल फोन पर सीबीएसई बोर्ड की साइट खोलकर रिजल्ट देखने लगे। परिणाम में लगभग सभी छात्र सफल रहे हैं। अच्छे अंक प्रतिशत मिलते ही छात्रों के चेहरे खिल उठे। वहीं स्कूल प्रशासन ने भी सफल परीक्षार्थियों को फोन कर स्कूल बुलाया। टॉपर बच्चों को स्कूलों में सम्मानित किया और मुंह मीठा कराया। वहीं घरों में भी जश्न का माहौल रहा। घरों में अच्छे अंक प्रतिशत आने पर एक दूसरे का मुंह मीठा कराया गया।
उधर, सनबीम स्कूल मुगलसराय के मेधावी विद्यार्थियों ने सीबीएसई 10वीं की परीक्षा में सफलता का झंडा बुलंद करते हुए विद्यालय और जनपद का मान बढ़ाया हैं। स्कूल के आरव ने 98.80 फीसदी अंकों के साथ जिले में सर्वोच्च स्थान प्राप्त किया।
स्कूल के आशीष मौर्या ने 98.2 फीसदी, जबकि स्वास्तिका सिंह, अर्नव वर्मा, अविराज आनंद ने 97.60 फीसदी अंक हासिल कर जिले के टॉप टेन में स्थान बनाया है। स्कूल के कुल 26 बच्चे 95 प्रतिशत अधिक अंक लाए हैं और कुल 71 छात्र और छात्राओं ने 90 फीसदी से अधिक अंक प्राप्त किए हैं। विद्यालय के निदेशिका श्वेता कानूडिया ने सफल छात्र- छात्राओं को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। कहा कि यह परीक्षा परिणाम न केवल स्कूल बल्कि जिले के लिए गौरव की बात है। प्रधानाचार्या सौमिता चटर्जी ने कहा कि प्रतिभा किसी परिचय की मोहताज नहीं होती। इस दौरान विद्यालय के सेक्रेटरी यदुराज कानूडिया, एडिशनल डायरेक्टर श्रुति अग्रवाल, उप प्रधानाचार्य राम प्रताप सिंह ने 10वीं की परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को माला पहनाकर सम्मानित किया।
उधर, केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) द्वारा बुधवार को घोषित 10वीं के परीक्षा परिणाम में एसजी पब्लिक स्कूल ने शानदार प्रदर्शन करते हुए शत-प्रतिशत सफलता हासिल की। इस वर्ष 75 प्रतिशत से अधिक विद्यार्थी प्रथम श्रेणी में उत्तीर्ण हुए। परिणाम में रंगेश राज ने 93.4 प्रतिशत अंक प्राप्त कर विद्यालय में सर्वोच्च स्थान हासिल किया। वहीं सगुन सिंह ने 92.4 प्रतिशत अंक अर्जित कर दूसरा स्थान प्राप्त किया। इसके साथ सौम्या चटर्जी ने 91 प्रतिशत और यामिनी सिंह ने 90.4 प्रतिशत अंक हासिल कर उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। इस सफलता पर विद्यालय के प्रबंध निदेशक अरुण कुमार अग्रवाल ने सभी को बधाई देते हुए कहा कि यह उपलब्धि विद्यार्थियों की मेहनत, शिक्षकों के कुशल मार्गदर्शन और अभिभावकों के सहयोग का परिणाम है। विद्यालय के प्रधानाचार्य प्रशांत कुमार तिवारी ने कहा कि विद्यालय में सीबीएसई के मानकों के अनुरूप गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान की जाती है, जिसके चलते छात्र निरंतर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रहे हैं।
उधर, बबुरी क्षेत्र के कासिमपुर स्थित जेएस पब्लिक स्कूल के बच्चों ने 10वीं में शानदार प्रदर्शन किया है। परीक्षा में शत प्रतिशत बच्चे सफल हुए हैं। स्कूल में 10वीं में कुल 84 छात्रों ने परीक्षा दी थी और सभी उत्तीर्ण रहे। इसमें अंश पाठक और अमन कुमार ने 92 प्रतिशत, पायल कुमारी व समृद्धि सिंह ने 91 प्रतिशत अंक प्राप्त किए। परीक्षा परिणाम जानकर परीक्षार्थियों में खुशी की लहर दिखी। विद्यालय के प्रधानाचार्य/प्रबंधक रजनीश सिंह ने बच्चों को मिठाई खिलाकर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना करते बधाई दी।
उधर, पचफेड़वा स्थित एसआरवीएस के बच्चों का प्रदर्शन अच्छा रहा है। विद्यालय के छात्र उज्ज्वल तिवारी 97.40 फीसदी अंक हासिल कर विद्यालय में टॉपर बने हैं। संस्था के प्रबंध निदेशक छत्रबली सिंह एवं विद्यालय प्रशासिका सरीता सिंह ने समस्त छात्र-छात्राओं को उनके बेहतर प्रदर्शन के लिए उन्हें बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। प्रधानाचार्या डॉ. निलांजना चक्रवर्ती और सचिव नितेश कुमार सिंह ने उत्कृष्ट अंक प्राप्त करने वाले छात्र-छात्राओं का मिठाई खिलाकर एवं माल्यार्पण कर सम्मानित किया। उधर, बृजनंदनी स्कूल के कई बच्चों ने जिले में परचम फहराया है। बच्चों की सफलता पर शिक्षक और अभिभावकों में खुशी है।
स्कूल की आयुषी चौरसिया और श्रेयांशी जायसवाल ने 94 प्रतिशत अंक हासिल किया। वहीं प्रांजल ने 91.6 प्रतिशत, वेदिका गुप्ता 93 प्रतिशत अंक हासिल कर विद्यालय का नाम रोशन किया। स्कूल के अश्विन कुमार ने 91.4 प्रतिशत अंक हासिल किया, जबकि आयुष यादव ने 92 प्रतिशत अंक प्राप्त किया है। प्रिसिंपल आशुतोष त्रिपाठी, निदेशक डाॅ. अखिलेश अग्रहरि और विनोद यादव सहित अन्य शिक्षक और अभिभावकों ने बच्चों को बधाई देते हुए खुशी जताई है।
उधर, कैलाशपुरी स्थित लक्ष्मी पब्लिक स्कूल के बच्चों ने शानदार प्रदर्शन किया है। विद्यालय की छात्रा अनुष्का सिंह ने 94.33 प्रतिशत अंक प्राप्त कर विद्यालय में प्रथम स्थान हासिल किया। रीत मौर्या 92.83 प्रतिशत अंक के साथ दूसरे व दीक्षा श्रीवास्तव 91.83 प्रतिशत के साथ तीसरे स्थान पर रहीं। विद्यालय के प्रबंधक और प्रधानाचार्य ने सभी सफल छात्र-छात्राओं, उनके अभिभावकों एवं शिक्षक-शिक्षिकाओं को हार्दिक बधाई दी। उधर, सीबीएसई 10वीं के परीक्षा परिणाम में द गुरुकुलम स्कूल के बच्चों ने शानदार प्रदर्शन किया है। विद्यालय ने शत-प्रतिशत परिणाम हासिल कर अपनी उत्कृष्ट शैक्षणिक परंपरा को कायम रखा। इस वर्ष विद्यालय की छात्रा संस्कृति सिंह ने 97.6 प्रतिशत अंक प्राप्त कर प्रथम स्थान हासिल किया। वहीं विपिन कुमार ने 96.6 प्रतिशत, प्रसन्न सिंह सिंगर ने 94 प्रतिशत तथा प्रतीक कुमार ने 93.6 प्रतिशत अंक प्राप्त कर विद्यालय का नाम रोशन किया। इसके अतिरिक्त अनिकेश कुमार, भव्या वर्मा, आयुष यादव, भव्या बरनवाल सहित अनेक छात्रों ने 90 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त किए। विद्यालय की प्रधानाचार्या प्रियंका मुखर्जी ने इस शानदार परिणाम पर हर्ष व्यक्त करते हुए कहा कि यह सफलता छात्रों की कठिन मेहनत, शिक्षकों के समर्पण एवं अभिभावकों के सहयोग का परिणाम है। उन्होंने सभी विद्यार्थियों को उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं। उधर, बाल विद्यालय माध्यमिक स्कूल डोमरी पड़ाव की जोया अनवर ने 98.4 प्रतिशत अंक हासिल कर जिले के टॉपर में अपना नाम शुमार कराया है। स्कूल का परीक्षा परिणाम शत प्रतिशत रहा है। स्कूल के कुल 22 विद्यार्थी 90 प्रतिशत से ऊपर तथा 80 प्रतिशत से 90 प्रतिशत के बीच कुल 56 प्रतिशत विद्यार्थी रहे। 70 से 80 प्रतिशत के बीच कुल 59 विद्यार्थियों का परीक्षाफल रहा। विद्यालय के निदेशक मुकुल पांडेय और प्रधानाचार्या नीता त्रिपाठी ने सर्वोच्च अंक प्राप्त विद्यार्थियों को मिठाई खिलाकर बधाई दी तथा उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।