पीडीडीयू नगर। नगर के चंदासी स्थित कोलमंडी में दो दिनों तक चली छापेमारी के बाद सीबीआई की टीम ने दो व्यापारियों को नोटिस जारी किया है। सूत्रों के अनुसार टीम ने व्यवसायियों के यहां से कई दस्तावेज भी जब्त किये है। इसके बाद से मंडी के व्यापारियों में हड़कंप की स्थिति बनी हुई है।
नगर के चंदासी में एशिया की सबसे बड़ी कोल मंडी है। यहां हर रोज लाखों रुपये के कोयले के खरीद-फरोख्त का कारोबार होता है। इस कारोबार की आड़ में कई लोग फर्जी कंपनियां बनाकर कारोबार कर बड़े पैमाने पर टैक्स की चोरी भी करते हैं। पिछले दिनों लिंक कोयले को बेचने के मामले में सीबीआई ने बिहार के बड़े व्यापारी के यहां छापेमारी की थी। जिसके यहां से मुगलसराय कोतवाली क्षेत्र स्थित चंदासी कोलमंडी के कई व्यापारियों के कनेेक्शन मिले थे। जिसके बाद सीबीआई की पूछताछ के लिए चंदासी कोलमंडी में आ धमकी। टीम ने व्यापारियों के यहां कोयले के कारोबार से जुड़े दस्तावेज देखे। टीम ने सभी दस्तावेजों को जब्त कर लिया। सूत्रों के अनुसार बुधवार को टीम ने दो व्यापारियों को नोटिस जारी किया है। दस्तावेजों की जांच के बाद इन व्यापारियों को पूछताछ के लिए टीम झारखंड बुला सकती है। वहीं कई अन्य कोल व्यवसायियों से भी सीबीआई पूछताछ कर सकती है।