नौगढ़ के भैसौड़ा में अतिक्रमण हटवाती पुलिस।
- फोटो : CHANDAULI
नौगढ़। वनभूमि पर अतिक्रमण कर बनाए जा रहे आधा दर्जन पक्के मकानों को वन विभाग की टीम ने बुधवार को जेसीबी से ध्वस्त कर दिया। साथ ही चकरघट्टा थाने में आठ अतिक्रमणकारियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया। वन विभाग की कार्रवाई से वनभूमि पर कब्जा कर मकान बनवा रहे अतिक्रमणकारियों में हड़कंप मचा हुआ है।
मंगलवार को संपूर्ण समाधान दिवस में डीएम संजीव सिंह से लोगों ने वनभूमि पर कब्जे की शिकायत की थी। डीएम को बताया था कि काशी वन्यजीव प्रभाग रामनगर के मझगांई रेंज के अंतर्गत भैंसौड़ा कंपार्टमेंट नंबर 11 में आरक्षित वन भूमि को कब्जा करने के बाद अतिक्रमणकारियों की ओर से पक्का निर्माण कराया जा रहा था। इसके बाद उन्होंने इसे ध्वस्त करने के निर्देश डीएफओ रामनगर दिनेश सिंह को दिया था। इसके बाद डीएफओ के नेतृत्व में वन क्षेत्राधिकारी इमरान खान व रिजवान अली के नेतृत्व में अभियान चलाया गया। एसडीओ धर्मेंद्र सिंह के नेतृत्व में वन कर्मियों के साथ चकरघट्टा थाना प्रभारी राजेश सरोज सदल बल के साथ अतिक्रमण स्थल पर पहुंचे और निर्माणाधीन पक्के मकानों को जेसीबी से तोड़वाना शुरू किया। इस दौरान अतिक्रमणकारियों ने अपनी खतौनी बताते हुए कार्यवाही का विरोध भी किया लेकिन पुलिस और वन विभाग की टीम के कड़े तेवर देख भाग खड़े हुए। सीओ नक्सल नीरज सिंह ने बताया कि अधिकारियों के निर्देश पर कार्रवाई की गई है। अतिक्रमण हटाने गई टीम में वन दरोगा ओंकार शुक्ला, गुरुदेव सिंह व वीरेंद्र पांडेय, वनरक्षक सत्येंद्र वर्मा, राजकुमार, आदित्य सिंह, मनीष गुप्ता, महेंद्र चौहान शामिल थे।