फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

पुलिस चौकी के भवन में तबेला: स्कूल के कमरे में पुलिस, निर्माणाधीन चौकी में बंध रही गाय-भैंस; गोबर से भरा परिसर

Sun, 30 Aug 2026 12:20 PM IST
Aman Vishwakarma अमरेंद्र पांडेय, अमर उजाला नेटवर्क, चंदाैली।

सार

लौंदा में पुलिस चौकी का निर्माण अधूरा होने के कारण निर्माणाधीन भवन में गाय-भैंस बांधी जा रही हैं। परिसर गोबर और कीचड़ से भरा है। सिकटिया में भवन तैयार होने के बावजूद चौकी का संचालन शुरू नहीं हुआ। शिलान्यास के तीन साल बाद भी दोनों चौकियों की स्थिति जस की तस है। वहीं बहादुरपुर नए थाने के लिए जमीन चिह्नित होने के बाद भी निर्माण आगे नहीं बढ़ा।
विज्ञापन
सिकटियां चौराहे परतैयार पुलिस चौकी पर बैठा सांड। - फोटो : संवाद
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

पीडीडीयू नगर जिले में पुलिस व्यवस्था को मजबूत करने के लिए किए गए दावों और धरातल की हकीकत में बड़ा अंतर नजर आ रहा है। अलीनगर थाना क्षेत्र में जिन पुलिस चौकियों के निर्माण और संचालन को लेकर तीन वर्ष पहले योजनाएं बनाई गई थीं, वे आज भी अधर में लटकी हुई हैं। कहीं पुलिस चौकी का भवन अधूरा छोड़ दिया गया है।

विज्ञापन




उसमें ग्रामीणों ने गाय-भैंस बांधकर तबेला बना लिया है, तो कहीं भवन पूरी तरह तैयार होने के बावजूद पुलिस चौकी का संचालन शुरू नहीं हो सका है। दूसरी ओर वर्षों से प्राथमिक विद्यालय के कमरे में संचालित हो रही लौंदा पुलिस चौकी बच्चों की पढ़ाई के साथ-साथ पुलिसकर्मियों के कामकाज के लिए भी परेशानी का कारण बनी हुई है।

विज्ञापन

केस 1 -  20 साल से स्कूल में चल रही चौकी, नया भवन तीन साल से अधूरा
अलीनगर थाना क्षेत्र की लौंदा पुलिस चौकी वर्ष 2006 से प्राथमिक विद्यालय के एक कमरे में संचालित हो रही है। करीब 20 वर्ष बीत जाने के बाद भी चौकी को अपना स्थायी भवन नहीं मिल सका। स्कूल परिसर में पुलिस चौकी चलने से जहां पुलिसकर्मियों को कामकाज में दिक्कत होती है। समस्या को देखते हुए 18 जुलाई 2023 को तत्कालीन सीओ अनिरुद्ध सिंह ने पुलिस चौकी भवन के निर्माण के लिए नींव की ईंट रखकर शिलान्यास किया था। उस समय स्थानीय नागरिकों के सहयोग और चंदे से भवन निर्माण शुरू कराया गया। 

उन्होंने कहा था कि चौकी का अपना भवन बनने से अपराध नियंत्रण मजबूत होगा और फरियादियों की समस्याओं का तेजी से समाधान किया जा सकेगा। निर्माण कार्य शुरू हुआ और भवन पर लेंटर भी पड़ गया, लेकिन इसके बाद काम अचानक बंद हो गया। तीन वर्ष बीतने के बाद भी भवन अधूरा है। ग्रामीणों ने उसमें गाय-भैंस बांधना शुरू कर दिया है। शनिवार को भवन परिसर में नौ मवेशी बंधे मिले। पूरे परिसर में गोबर और कीचड़ फैला हुआ था। उसकी वर्तमान स्थिति तबेले जैसी बन गई है। दूसरी ओर पुलिस चौकी आज भी प्राथमिक विद्यालय के कमरे से संचालित हो रही है।

केस 2: विशाल की हत्या के बाद बनी चौकी, भवन तैयार फिर भी नहीं शुरू हुआ संचालन
अलीनगर थाना क्षेत्र के सिकटिया चौराहे पर 13 नवंबर 2021 को हुई 19 वर्षीय विशाल पासवान की मामूली विवाद के बाद हमलावरों ने लाठी-डंडों और रॉड से हमला कर हत्या कर दी थी। दिनदहाड़े हुई इस घटना के बाद क्षेत्रीय लोगों ने सिकटिया चौराहे पर स्थायी पुलिस चौकी स्थापित करने की मांग तेज कर दी थी। लोगों के प्रयास और सहयोग के बाद 14 नवंबर 2023 को तत्कालीन सीओ अनिरुद्ध सिंह ने पुलिस चौकी भवन का शिलान्यास किया। 

इसके बाद भवन का निर्माण कराया गया और अब भवन लगभग पूरी तरह तैयार है। खिड़की और दरवाजे भी लगाए जा चुके हैं। इसके बावजूद चौकी का संचालन शुरू नहीं किया जा सका है। भवन तैयार होने के बाद भी पुलिसकर्मियों की तैनाती और कार्यालय संचालन का इंतजार बना हुआ है। खाली पड़े परिसर में आए दिन छुट्टा पशुओं का जमावड़ा लगा रहता है। लोगों का कहना है कि जब भवन तैयार है तो चौकी का संचालन शुरू करने में देरी क्यों हो रही है।

केस 3: डेढ़ बीघा जमीन चिह्नित, लेकिन 17वें थाने की योजना भी ठंडे बस्ते में
पड़ाव क्षेत्र में कानून व्यवस्था मजबूत करने के लिए बहादुरपुर में नया थाना स्थापित करने की योजना की बात 2 मार्च 2025 को तत्कालीन सीओ पीडीडीयूनगर आशुतोष ने कही थी। बताया था कि चंदौली में शासन के आदेश से बहादुरपुर के नाम से जिले का 17वां थाना स्थापित किया जाएगा। इसके लिए राजस्व विभाग ने बहादुरपुर पंचायत भवन के पीछे करीब डेढ़ बीघा जमीन पुलिस विभाग को उपलब्ध करा दी थी। प्रस्तावित थाना पड़ाव-भूपौली मार्ग पर बनाया जाना था। 

अधिकारियों का कहना था कि चंदौली जिले की सीमा वाराणसी के पास गंगा नदी से शुरू होती है और पड़ाव क्षेत्र व्यापार, परिवहन और यातायात की दृष्टि से काफी महत्वपूर्ण है। नए थाना क्षेत्र में करीब 27 ग्रामसभाओं को शामिल करने की योजना थी। इनमें बहादुरपुर, मठिया, जलीलपुर, भोजपुर, सेमरा, कटेसर, नाचूपुर, बखरा, कबीरपुर, फत्तेपुर, सैदपुर, कुंडाकला और भिसीडी समेत अन्य गांव शामिल किए जाने थे। लेकिन इसके बाद इस दिशा में कोई पहल ही नहीं हुई।

प्राथमिक विद्यालय में बच्चों की पढ़ाई होती है और उसी परिसर में वर्षों से अस्थायी रूप से पुलिस चौकी संचालित हो रही है। इससे बच्चों की पढ़ाई प्रभावित होती है। चौकी का नया भवन जल्द पूरा कर पुलिस को वहां स्थानांतरित किया जाना चाहिए। - अजय यादव, लौंदा

पुलिस चौकी भवन का निर्माण कार्य अभी तक पूरा नहीं हुआ है। जब तक भवन तैयार नहीं होगा, तब तक चौकी स्कूल में ही संचालित होगी और बच्चों को पढ़ाई में परेशानियों का सामना करना पड़ेगा। निर्माण कार्य जल्द पूरा कराया जाना चाहिए। - उमैर अहमद शोनू, लौंदा

सिकटिया में चौकी की मांग एक गंभीर घटना के बाद उठी थी। भवन तैयार होने के बावजूद उसका संचालन शुरू नहीं होना समझ से परे है। पुलिस चौकी शुरू होने से क्षेत्र के लोगों को सुरक्षा और पुलिस सहायता मिलने में आसानी होगी। -  अभिषेक पासवान, तारणपुर

सरकार और विभाग की ओर से चौकी निर्माण की घोषणा के बाद लोगों को उम्मीद जगी थी। भवन तैयार होने के बावजूद पुलिस चौकी शुरू नहीं हुई। खाली भवन का कोई उपयोग नहीं हो रहा है और क्षेत्र के लोग अब भी चौकी संचालन का इंतजार कर रहे हैं। - राजेश यादव, सिकटिया

एक नजर में
  • 20 वर्ष से प्राथमिक विद्यालय में संचालित हो रही है लौंदा पुलिस चौकी
  • 18 जुलाई 2023 को लौंदा चौकी भवन का हुआ था शिलान्यास
  • 3 वर्ष बाद भी अधूरा पड़ा है लौंदा चौकी का भवन
  • शनिवार को अधूरे भवन में 9 मवेशी बंधे मिले
  • 13 नवंबर 2021 को सिकटिया में युवक विशाल पासवान की हुई थी हत्या
  • 14 नवंबर 2023 को सिकटिया पुलिस चौकी भवन का हुआ शिलान्यास
  • भवन तैयार होने के बावजूद अब तक शुरू नहीं हो सकी चौकी
विज्ञापन

लौंदा और सिकटिया पुलिस चौकी का संचालन अभी तक क्यों नहीं हो सका है, इसकी जांच कर आगे इनके संचालन के लिए आवश्यक पहल की जाएगी। - आकाश पटेल, एसपी चंदौली
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें