सकलडीहा। कोरोना महामारी के खतरे को देखते हुए शनिवार को सीओ जगत कन्नौजिया ने व्यापारियों के साथ बैठक कर रोस्टर के अनुसार दुकान खोलने का निर्देश दिया। इसमें लापरवाही पाए जाने पर कोतवाली पुलिस को संबंधित दुकानदार के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने को कहा। पुलिस प्रशासन के सख्त रूख से व्यापारियों में खलबली मची है।
अनलॉक वन में जिला प्रशासन द्वारा रोस्टर के अनुसार दुकान खोलने का निर्देश दिया है। इसके बाद भी कस्बा में कपड़ा, फर्निचर और इलेक्ट्रानिक दुकानों के दुकानदार मनमाने ढ़ंग से दुकानें खोल रहे हैं। दुकानदार व यहां पहुंचने वाले लोग बगैर मास्क पहने सोशल डिस्टेंसिंग की अनदेखी कर रहे हैं। अधिकांश दुकानों पर सैनिटाइजर की व्यवस्था भी नहीं है। वहीं प्रतिदिन सभी दुकानों के रात तक खुलने की जानकारी पर पुलिस अधिकारियों के कान खडे़ हो गए। शनिवार को सीओ ने अपने कार्यालय में व्यापारियों को बुलाकर रोस्टर के अनुसार दुकानें खोलने का निर्देश दिया। साथ ही चेताया कि रोस्टर के विपरीत और सोसल डिस्टेंस व बगैर मास्क लगाए दुकान पर ग्राहक या दुकानदार दिखे तो उनके खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया जाएगा। इस संबंध में सीओ ने बताया कि जिला प्रशासन द्वारा निर्धारित रोस्टर के अनुसार दुकाने खोलने का निर्देश दिया गया है। बैठक में कोतवाल सतेंद्र यादव, कस्बा प्रभारी बाबूराम यादव, व्यापार मंडल अध्यक्ष सत्यप्रकाश गुप्त, संतोष चौरसिया, गोपाल जायसवाल, जीयूत गुप्ता, दीपक सेठ, रमेश चौरसिया, प्रवीन जायसवाल आदि मौजूद रहे।