सड़क चौड़ीकरण के मामले में उपजे विवाद में अब पुलिस एक्शन में आ गई है। बिना इजाजत जुलूस निकालने, सड़क जाम करने को लेकर मुगलसराय कोतवाली पुलिस ने नगर के 350 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस वीडियो क्लिप के जरिये लोगों की पहचान कर कार्रवाई में जुट गई है। मंगलवार को सिक्सलेन के समर्थन और सोमवार को फोरलेन के समर्थन में नगर के दो पक्षों ने जुलूस निकाला था।
पड़ाव से गोधना मोड़ तक सड़क चौड़ीकरण का कार्य चल रहा है। इसमें जीटी स्थित गुरुद्वारे के पास सड़क को विभाग की ओर से फोरलेन कर दिया गया है। इसे लेकर दो गुट आमने-सामने है। इसमें व्यापारियों का एक गुट फोरलेन का समर्थन कर रहा है तो वहीं दूसरा गुट नगर में भी छह लेन सड़क बनाने की मांग पर अड़ा है। 20 जनवरी को व्यापारियों के समूह ने नगर में जुलूस निकाला था और पीडीब्ल्यूडी के एक्सईएन को पत्रक देकर फोरलेन बनाने का समर्थन किया था।
वहीं दूसरी तरफ 21 जनवरी को सिक्सलेन के समर्थन में लोगों ने जुलूस निकाला था। जुलूस में शामिल लोगों से पुलिस की झड़प भी हुई थी। मामले में पुलिस ने व्यापारी गुट के 150 और सिक्स लेन समर्थन में निकाले गए जुलूस में शामिल 200 अज्ञात लोगों के विरूद्ध मुकदमा पंजीकृत किया है।
मुगलसराय कोतवाली प्रभारी निरीक्षक विजय बहादुर सिंह ने बताया कि 350 अज्ञात लोगों के विरूद्ध मुकदमा पंजीकृत किया गया है। वीडियो क्लिप के जरिये आरोपियों की पहचान कर कार्रवाई की जाएगी।
दुर्व्यवहार पर कार्य से विरत रहे अधिवक्ता
चंदौली जिले के सदर तहसील परिसर में बुधवार को संयुक्त बार के अधिवक्ताओं ने डीएम निखिल टीकाराम फुंडे और एसपी ऑपरेशन अनिल कुमार यादव से मुलाकात की। जहां उन्होंने मुगलसराय इंस्पेक्टर विजय बहादुर सिंह द्वारा अधिवक्ताओं से दुर्व्यवहार करने का मुद्दा उठाया। वहीं सकलडीहा के एसडीएम अनुपम मिश्रा के द्वारा अधिवक्ता से बदसलूकी करने के मामले को भी डीएम के सामने रखा। उधर, इसके खिलाफ अधिवक्ता न्यायिक कार्य से विरत रहे।
अधिवक्ताओं ने अफसरों के द्वारा बदसलूकी का आरोप लगाते हुए न्यायिक कार्य से विरत होकर अपना विरोध जताया। आरोप लगाया कि इंस्पेक्टर मुगलसराय व सकलडीहा एसडीएम ने अधिवक्ताओं के साथ बदसलूकी की। इसका विरोध अधिवक्ताओं ने जिलाधिकारी निखिल टीकाराम फुंडे व एसपी ऑपरेशन अनिल कुमार यादव से मिलकर एसडीएम व इंस्पेक्टर का शिकायत करते हुए कार्रवाई की मांग की।
दूसरी ओर अधिवक्ताओं का प्रतिनिधि मंडल बुधवार को जिलाधिकारी निखिल टीकाराम फुंडे से मिलकर एसडीएम सकलडीहा की शिकायत की। अधिवक्ताओं ने आरोप लगाया कि अधिवक्ता उमेश कुमार जमानत को लेकर एसडीएम से वार्ता करने के लिए गए थे। उन्होंने दुर्व्यवहार किया।
वहीं पुलिस अधीक्षक ऑपरेशन से मिलकर चौड़ीकरण के लिए जनांदोलन में अधिवक्ता दुर्गेश कुमार पांडेय के साथ इंस्पेक्टर मुगलसराय द्वारा बदसलूकी की शिकायत की।अधिवक्ताओं ने मुगलसराय में जुलूस निकालने के दौरान 200 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने का विरोध किया। इस दौरान राकेश रत्न तिवारी, अनिल सिंह, झंमेजय सिंह, शैलेंद्र सिंह, हरेंद्र प्रताप सिंह उपस्थित रहे।
सिक्स लेन को लेकर बैठक
फोरलेन की बजाए सिक्स लेन की मांग कर रहे नगरवासियों की बैठक बुधवार को सुभाष पार्क में हुई। इस दौरान उन्हें सिक्स लेन के समर्थन में नगर में मशाल जुलूस निकालने, जलसमाधि व अन्य कार्यक्रमों की रणनीति बनानी थी लेकिन जिला प्रशासन की ओर से बृहस्पतिवार को इस संबंध में बैठक बुलाने का संदेश आने के बाद उन्होंने रणनीति को स्थगित कर दिया।
सिक्स लेन बनाने की मांग को लेकर के नगरवासियों की बैठक में एड. संतोष कुमार पाठक ने कहा कि नगर के लोग कल शांतिपूर्ण तरीके से अपना आक्रोश यात्रा निकाल रहे थे। इसके बावजूद करीब 200 नगरवासियों पर पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर दी है। सोनू सिंह व चंद्रभूषण मिश्रा ने कहा कि नगर के लोगों को दंगाई कहना बहुत ही निंदनीय है। शांतिपूर्ण तरीके से अपनी बात को रखना कहीं से गैर कानूनी नहीं है।