चंदौली जिले में सिक्स लेन की बजाए नगर में बन रहे फोरलेन से नाराज करीब 500 लोगों ने मंगलवार को स्थानीय गुरुद्वारे से सिक्स लेन चाहिए के नारे के साथ राष्ट्रीय ध्वज लेकर जुलूस निकाला। इस बीच काली मंदिर के बाद पुलिस और लोगों के बीच हाथापाई भी हुई लेकिन जुलूस आगे बढ़ता गया। जुलूस परमार कटरा से पीडब्ल्यूडी कार्यालय पहुंचकर समाप्त हुआ। यहां भी लोगों ने सिक्स लेन के समर्थन में जमकर नारेबाजी की। अंत में एसडीएम आलोक कुमार को मांगों के समर्थन में पत्रक सौंपा।
जुलूस का नेतृत्व कर रहे एड. संतोष कुमार पाठक ने कहा कि जनहित में नगर में सिक्स लेन का ही निर्माण होना चाहिए। ऐसा न किए जाने से लोगों को जाम की परेशानियां झेलनी पडेंगी। नगर में जीटी रोड के संकरा होने के कारण आए दिन जाम की समस्या बनी रहती है।
जाम के कारण बच्चे स्कूल व लोग कोर्ट-कचहरी भी समय से नहीं पहुंच पाते हैं। सभासद आरती यादव ने कहा कि स्थानीय रेलवे जंक्शन से ट्रेन पकड़ने पूरे देश से लोग आते हैं। जाम में फंसने से उनकी ट्रेनें अक्सर छूट जाती हैं।