घायल महिला को एंबुलेंस में ले जाते हुए।
- फोटो : अमर उजाला।
चंदौली जिले के नौगढ क्षेत्र के चकिया-नौगढ़ मार्ग पर डिलबगरा मोड के पास बुधवार को एक मारुति कार असंतुलित होकर पलट गई। ड्राइवर के अलावा दो अन्य लोग कार में फंस गए। मौके पर पहुंचे लोगों ने कार के नीचे से घायलों को बाहर निकाला। वहीं सूचना पर पहुंची एंबुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नौगढ़ पहुंचाया। जहां से दो लोगों की हालत गंभीर होने से ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया गया।
जानकारी के अनुसार, वाराणसी से मारुति कार से नसरुल्लाह अपनी पत्नी मदीना खातून के साथ नौगढ़ में अपने समधी मुस्तकीम के जा रहे थे। लौवारी गांव के पास डिलबगरा मोड़ में अचानक मारुति कार असंतुलित होकर पलट गई। जिसमें कार चालक प्रशांत पाठक(32) घायल हो गया। जबकि कार पलटने से जहां नसरुल्लाह(75) को काफी गंभीर चोटें आई हैं।
वहीं उनकी पत्नी मदीना खातून 68 को अत्यधिक चोट लगने से खून की उल्टी होने लगी। गांव वालों की सूचना पर पहुंची 108 नंबर की एंबुलेंस ने घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नौगढ़ पहुंचाया। यहां डाक्टरों ने गंभीर स्थिति देखते हुए पति-पत्नी को ट्रामा सेंटर वाराणसी रेफर कर दिया। खबर पाकर रिश्तेदारी के लोग भी अस्पताल पहुंच गए।