दुलहीपुर। मुग़लसराय कोतवाली अंतर्गत स्थानीय बाजार में पेट्रोल पंप पर पेट्रोल लेते समय मंगलवार की दोपहर में कार में अचानक आग लग गई। इस घटना से पेट्रोल पंप पर हड़कंप मच गया। किसी तरह कार को पेट्रोल पंप से दूर किया गया। सूचना पाकर फायर ब्रिगेड पहुंची और आग बुझाई लेकिन तब तक कार पूूर तरह राख हो गई। यह संयोग ही था कि कार सवार पहले ही बाहर निकल गए और कार समय से पेट्रोल पंप से दूर हो गई। अन्यथा बड़े हादसे से इनकार नहीं किया जा सकता था।
वाराणसी के नाटी इमली निवासी अनिल कुमार पटेल दुलहीपुर स्थित अपने फैक्ट्री में आ रहे थे। दोपहर में लगभग दो बजे वाराणसी पीडीडीयू नगर मार्ग पर दुलहीपुर में स्थित एक पेट्रोल पंप पर तेल लेने पहुंचे । कार में तेल डाला जा रहा था तभी अचानक कार की अगले हिस्से से धूंआ उठना शुरू हो गया। देखते-देखते धूंआ के साथ आग की लपटे निकलने लगी। अनिल पटेल ने समझदारी दिखाते हुए तुरंत कार को धक्का देना शुरू कर दिया। अन्य लोगों ने भी कार को धक्का देकर पेट्रोल पंप से दूर ले आए। तब तक आग ने विकराल रूप ले लिया और कार धू धू कर जलने लगी। आग देख कर पेट्रोल पंप कर्मी मौजूद संसाधनों से आग बुझाने में जुट गए। इस बीच लोगों की सूचना पर फायर ब्रिगेड भी पहुंच गई और आग बुझाई। मशक्कत के बाद आग बुझी लेकिन कार पूरी तरह जल गई। कार मालिक और पेट्रोल पंप कर्मियों की समझदारी से पेट्रोल पंप तक आग नहीं पहुंची अन्यथा बड़ा हादसा हो सकता था।