धानापुर। सपा कार्यकर्ताओं ने बृहस्पतिवार को सेना के जवान सूबेदार कुलदीप कुमार मौर्य की याद में कैंडल मार्च निकाला। इस दौरान उन्होंने मृत जवान को भावपूर्ण श्रद्धांजलि दी। कैंडल मार्च कस्बा स्थित बाबा वीर वौरहवा मंदिर से आरंभ होकर स्थानीय शहीद पार्क पहुंचा। यहां कार्यकर्ताओं ने दो मिनट का मौन रखकर मृतात्मा की शांति के लिए प्रार्थना की। साथ ही ईश्वर से परिजनों को सहन शक्ति प्रदान करने की कामना की।
जुलूस के दौरान कार्यकर्ता कुलदीप मौर्य अमर रहे, भारत माता की जय व जब तक सूरज चांद रहेगा-कुलदीप तुम्हारा नाम रहेगा आदि नारे लगाते चल रहे थे। उन्होंने कहा कि धानापुर की धरती शहीदों की धरती रही है। आजादी की लड़ाई के समय से ही यहां के नौजवान देश के लिए अपने प्राणों की आहुति देते आए हैं। कैंडल मार्च जिला पंचायत सदस्य राजेश यादव के नेतृत्व में निकाला गया। इस मौके पर पूर्व विधायक मनोज सिंह बबलू, विपीन यादव विक्कू, सतीश सेठ आका, अनिल यादव, मुकेश मौर्य, साहब यादव, मनोज साहनी, गुलाब यादव, लक्ष्मण मौर्य आदि मौजूद रहे। संवाद