कंदवा। त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव लड़ने वाले उम्मीदवार चार सेट मे पर्चा दाखिल कर सकते हैं। उम्मीदवारों को नाम निर्देशन पत्र के साथ कुछ आवश्यक कागजात भी संलग्न करने होंगे। अनूसूचित जनजाति, अनूसूचित जाति, पिछड़ा वर्ग व महिलाओं को नामांकन पत्र व जमानत धनराशि में निर्धारित मूल्य से आधा छूट मिलेगी। वहीं चुनावी खर्च का भी दायरा निर्धारित है।
खंड विकास अधिकारी कार्यालय बरहनी पर त्रिस्तरीय पंचायत निर्वाचन में चुनाव लड़ने वाले उम्मीदवारों के लिए कुछ आवश्यक जानकारियां चस्पा की गई हैं। चस्पा सूची के अनुसार नामांकन पत्र की बिक्री नगद की जाएगी। सदस्य ग्राम पंचायत के लिए नाम निर्देशन पत्र 150 रुपये व जमानत राशि पांच सौ रुपया और चुनावी व्यय 10 हजार रुपये तक निर्धारित है। वहीं ग्राम प्रधान व क्षेत्र पंचायत सदस्य के लिए 300 रुपये में नाम निर्देशन पत्र, जमानत राशि दो हजार व अधिकतम चुनावी खर्च 75 हजार रुपया तय किया गया है। जिला पंचायत सदस्य पद के लिए नाम निर्देशन पत्र पांच सौ रुपए, जमानत राशि चार हजार व व्यय एक लाख 50 हजार तक ही करना सुनिश्चित किया गया है। जमानत राशि सरकारी कोष में जमा होगी। वहीं नामांकन पत्र की बिक्री पूर्वाह्न 11 से दिन के 3 बजे बजे तक की जाएगी।