कंदवा। एआरटीओ प्रवर्तन द्वितीय विनय कुमार ने विभागीय कर्मचारियों के साथ सोमवार को सैयदराजा-जमानिया राष्ट्रीय राजमार्ग और पेट्रोल पंपों पर खड़े ओवरलोड वाहनों के खिलाफ अभियान चलाया। इस दौरान 44 ओवरलोड बालू लदे ट्रकों से 35 लाख रुपया जुर्माना वसूला और दो वाहनों को सीज किया। इससे बालू माफियाओं और ट्रक चालकों में हड़कंप मचा रहा।
सैयदराजा-जमानिया राष्ट्रीय राजमार्ग पर इन दिनों ओवरलोड वाहनों के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। सोमवार को एआरटीओ प्रवर्तन द्वितीय विनय कुमार ने अभियान चलाकर 44 ओवरलोड बालू लदी ट्रकों से 35 लाख रुपए जुर्माना वसूला और दो ट्रकों को सीज कर दिया। वहीं एआरटीओ के वापस जाते ही ओवरलोड वाहनों का आवागमन धड़ल्ले से शुरू हो गया। वहीं लोगों का कहना था कि जांच अभियान चलने से अक्सर सड़क पर जाम की समस्या बन जाती है। जुर्माना भरने व वाहन सीज होने के भय से ट्रकों के चालक सड़क पर ही वाहन छोड़कर हट-बढ़ जाते हैं। इससे भयंकर जाम की स्थिति बन जाती है और लोग जाम में फंसकर परेशान होते रहते हैं। इस संबंध में एआरटीओ द्वितीय विनय कुमार ने कहा कि सैयदराजा-जमानिया मार्ग पर किसी भी दशा में मार्ग पर ओवरलोड वाहनों को नहीं चलने दिया जाएगा। अभियान आगे भी जारी रहेगा।