इलिया। क्षेत्र के डेहरी खुर्द गांव के पास मंगलवार की रात बरातियों से भरी बस सड़क के किनारे खेत में पलट गई। चीख पुकार सुनकर पहुंचे ग्रामीणों ने बरातियों को बस से बाहर निकाला। हादसे में बस में सवार 12 लोग घायल हो गए। चार लोगों की हालत गंभीर होने पर उन्हें निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
बिहार के चांद थाना क्षेत्र के वीरभानुपर गांव से मंगलवार की रात बस से बरात भरारीकला जा रही थी। डेहरी खुर्द गांव के पास सड़क के किनारे जेसीबी से खुदाई होने की वजह से बस पलट गई। इससे बस में सवार लोगों में चीख पुकार मच गई। शोर सुनकर ग्रामीण मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचित किया। इसके बाद ग्रामीणों ने बस में सवार बरातियों को बाहर निकाला। हादसे में 12 लोग घायल हो गए। सवार रंजीत (20), सुजीत (19), सुभाष यादव (50) और राधेश्याम को गंभीर चोटें लगी हैं। चारों को कस्बा स्थित निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। बाकी घायलों को प्राथमिक उपचार कर छुट्टी दे दी गई। प्रभारी निरीक्षक हरिश्चंद्र सरोज ने बताया कि बस के सभी यात्री सुरक्षित हैं। कुछ घायलों का इलाज के बाद घर भेज दिया गया है।