इलिया। थाना क्षेत्र के बेन-धरौली मार्ग पर बटौवां गांव के समीप बुधवार की सुबह एक सवारी बस अनियंत्रित होकर सड़क के किनारे नहर में गिर गई। इससे बस में सवार पांच महिलाओं सहित आठ लोग घायल हो गए। घटना के बाद मौके पर जुटे ग्रामीणों ने 108 नंबर एंबुलेंस बुलाकर सभी घायलों को शहाबगंज स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर भेजा। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने घायलों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
स्थानीय बस स्टैंड से सवारी बैठाकर निजी बस बुधवार की सुबह आठ बजे धरौली होते हुए चंदौली जा रही थी। बस जैसे ही बेन-धरौली मार्ग पर स्थित बटौवां गांव के समीप पहुंची, तभी अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकराने के बाद सड़क के किनारे नहर में गिर गई।
इससे बस में सवार कस्बा निवासी कलावती देवी (60), गुलाब (40), रवींद्र तिवारी (45), भुड़कुड़ा निवासी चमेली देवी (30), मंशा (32), सोदाब गांव निवासी सिराती (58), तियरी गांव निवासी कौशल्या (38) व बनवारी (35) सहित आठ लोग घायल हो गए। घटना के बाद मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई।