पीडीडीयू नगर। नगर में फोर लेन निर्माण का कार्य तेज हो गया है। पीडब्ल्यूडी ने जीटी रोड के किनारे स्थित दुकानों पर लाल निशान लगाने के बाद 50 दुकानदारों को नोटिस भेजा है। साथ ही एक हफ्ते में दुकानें नहीं हटाने पर कार्रवाई की चेतावनी दी गई है। इससे दुकानदारों और भवन स्वामियों में हड़कंप मच गया है।
पड़ाव से गोधना तक सिक्स लेन और फोर लेन का निर्माण का कार्य चल रहा है। पीडीडीयू नगर में फोरलेन सड़क बनाई जाएगी। अतिक्रमण के कारण निर्माण कार्य को रफ्तार नहीं मिल पा रही है। अब पीडब्ल्यूडी ने नगर में जीटी रोड किनारे सुभाष पार्क से काली मंदिर तक सड़क की जद में आने वाली 50 दुकानों पर लाल निशान लगाने के बाद दुकानदारों को नोटिस जारी किया है। जीटी रोड के दोनों तरफ 52-52 फीट तक अतिक्रमण हटाया जाएगा। इससे दुकानदारों और भवन स्वामियों में खलबली मच गई है। नोटिस में कहा गया है कि एक हफ्ते के अंदर अपनी दुकानें खुद हटा लें और सड़क खाली कर दें। ऐसा नहीं करने पर अतिक्रमण हटाने का खर्च वसूला जाएगा।
पीडब्ल्यूडी के अधिकारियों ने बताया कि डिवाइडर से दोनों तरफ 52- 52 फीट तक अतिक्रमण हटाया जाएगा। इसके बाद सर्विस लेन और नाले का निर्माण किया जाएगा। विभाग के अनुसार तय मानक के अनुसार दुकानें हटाई जाएंगी। सरकारी जमीन पर किए गए अतिक्रमण को हटाने पर कोई मुआवजा नहीं दिया जाएगा। निजी जमीन पर बनें भवनों और दुकानों के मालिकों को मुआवजा दिया जाएगा।
कोट
सड़क निर्माण की जद में आने वाले 50 दुकानदारों को नोटिस भेजा गया है। उन्हें एक हफ्ते के अंदर खुद निर्माण हटाने का निर्देश दिया गया है। इसके बाद अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई शुरू की जाएगी।केपी तिवारी, एई, लोक निर्माण विभाग