चकिया कोतवाली क्षेत्र के जोगिया कला गांव में शनिवार को घर के बाहर सो रहे किसान बृजेश यादव उर्फ बेचई यादव (34) की धारदार हथियार से हत्या कर दी गई थी। वारदात को उसकी पत्नी के प्रेमी उसी गांव के सुनील ने अंजाम दिया था। पुलिस सुनील को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा।
जोगिया कला गांव निवासी रामचंद्र यादव के पुत्र बृजेश यादव गांव में रहकर खेती-किसानी और पशुपालन का कार्य करते थे। बताया जाता है कि घटना से लगभग एक सप्ताह पूर्व उनकी पत्नी अपने दोनों बच्चों के साथ मायके चली गई थीं। पुलिस सूत्रों के अनुसार बृजेश की पत्नी रेखा से ही गांव के सुनील नाम के युवक से अवैध संबंध थे। जिसको लेकर पत्नी और बृजेश में कई बार कहासुनी भी हुई थी। रेखा के मायके जाने के बाद सुनियोजित तरीके से सुनील ने बृजेश की धारदार हथियार से हत्या कर दी। एसपी आकाश पटेल ने बताया कि युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है तथा जल्द ही पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा।