सैयदराजा में दुर्घटना के बाद क्षतिग्रस्त वाहन। संवाद
सैयदराजा। नौबतपुर बॉर्डर के पास सोमवार तड़के मवेशी लादकर बिहार जा रही तेज रफ्तार बोलेरो, कार में टक्कर मारते हुए पुल से जा टकराई। इस दौरान दोनों वाहन क्षतिग्रस्त हो गए। मौके का फायदा उठाते हुए पशु तस्कर फरार हो गए। कार चालक आशुतोष सिंह को मामूली चोटें आईं। सूचना पर पहुंची पुलिस मवेशियों सहित दोनों वाहनों को थाने ले आई। दुर्घटना में मवेशी भी घायल हो गया। पुलिस अज्ञात तस्करों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच में जुट गई।
सोमवार तड़के चार बजे मवेशियों से लदी बोलेरो तेज गति से बिहार जा रही थी। नौबतपुर पुलिया के पास बोलेरो अनियंत्रित होकर सवैंया गांव के आशुतोष सिंह की कार में टकरा गई। कार का एक भाग क्षतिग्रस्त हो गया। बोलेरो भी आगे से क्षतिग्रस्त हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों वाहनों को थाने ले आई। बोलेरो में चार मवेशी लदे थे। जिसमें से एक मवेशी भी घायल हो गया। पुलिस ने घायल मवेशी का इलाज कराया। वहीं पशु तस्कर मौके से फरार हो गया। कोतवाल बीपी पांडेय ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।