पीडीडीयू नगर। जिले में त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के लिए मतदाता सूची पुनरीक्षण का काम एक अक्तूबर से चल रहा है। इसके लिए बीएलओ की ड्यूटी लगाई गई है लेकिन बीएलओ गांवों में नहीं पहुंच रहे हैं। ऐसे में मतदाता सूची में नाम चढ़ाने के लिए ग्रामीण परेशान हैं। पंचायत चुनाव कराए जाएंगे। हालांकि की तैयारियां चल रही हैं। इसी क्रम में एक अक्तूबर से मतदाता सूची बनाने काम चल रहा है। इसके लिए बीएलओ की ड्यूटी लगाई गई है। बीएलओ गांवों में न पहुंच कर प्रधान से पूछ कर नाम संशोधित कर रहे हैं।
इसकी शिकायत अधिकारियों से की जा रही है लेकिन सुनवाई नहीं हो रही है। वर्तमान में नियामताबाद विकास खंड के सतपोखरी गांव में अब तक बीएलओ नहीं पहुंचे। गांव के जरीना असारी, खुर्शीद आलम, आनीसु रहमान, मोगल, सगुफ्ता नाज, शबाना, वारिस जमाल, मोहम्मद नसीम आदि ने बताया कि कई बार अधिकारियों से शिकायत की गई लेकिन सुनवाई नहीं हुई। इसी तरह भरछा गांव में बीएलओ वोटर लिस्ट दिखाने में आनाकानी कर रहे है। इसके पहले सिकंदरपुर गांव में 12 दिनों तक बीएलओ पहुंचा ही नहीं है। इस संबंध में पं. दीनदयाल उपाध्याय नगर के तहसीलदार आनंद कुमार कन्नौजिया ने कहा कि बीएलओ को गांवों में जाकर नाम संशोधन करने के निर्देश दिए गए हैं। यदि इसके बाद भी लापरवाही की शिकायत मिलती है तो कार्रवाई की जाएगी।