चंदौली जिले के कोतवाली क्षेत्र के हाजीपुर गांव के पास खेत में वाराणसी के रामनगर निवासी ऑटो चालक का खून से लथपथ शव पाया गया। मृतक के सिर पर चोट के निशान थे। इससे हत्या कर शव फेंके जाने की आशंका जताई जा रही है। घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
यह है मामला
वाराणसी के रामनगर निवासी आदर्श (22) ऑटो चलाता था। शनिवार की रात वह सवारी लेकर चकिया आया था, लेकिन रात में घर नहीं पहुंचा। सुबह चकिया कोतवाली क्षेत्र के हाजीपुर गांव स्थित एक खेत में खून से लथपथ उसकी लाश मिलने से सनसनी फैल गई। लोगों ने तत्काल घटना की सूचना पुलिस को दी। कुछ देर बाद चकिया पुलिस मौके पर पहुंची और शव की शिनाख्त होने के बाद परिजनों को उसकी जानकारी दी गई।
परिजनों ने बताया कि आदर्श शनिवार की रात सवारी लेकर चकिया आया था। कोतवाल अतुल प्रजापति ने बताया कि मृतक के सिर पर चोट के निशान हैं। मामले की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत की असली वजह पता चल पाएगी।