पीडीडीयू नगर। अलीनगर थाना अंतर्गत अलीनगर सकलडीहा मार्ग पर नसीरपुर पट्टन गांव के समीप सोमवार की रात ट्रक की चपेट में आने से बाइक सवार चिकित्सक की मौत हो गई। घटना के बाद ट्रक चालक वाहन लेकर फरार हो गया। सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
गाजीपुर जिले के करंडा थाना अंतर्गत रामपुर मांझा निवासी चिकित्सक देवेंद्र प्रताप सिंह (38) सोमवार को अपने भतीजी के यहां हुदहुदीपुर किसी समारोह में शरीक होने के लिए अपने भांजे मुकेश के साथ बाइक से आया था। शादी में शामिल होने के बाद देर शाम दोनों बाइक से वापस लौट रहे थे। जैसे ही दोनों नसीरपुर पट्टन गांव के समीप पहुंचे कि पीछे से आ रहे ट्रक ने धक्का मार दिया। ट्रक के धक्के से देवेन्द्र प्रताप नीचे गिर गया और मौके पर ही उसकी मौत हो गई। वहीं बाइक पर पीछेे बैठा भांजा मुकेश दूर जा गिरा। इससे उसकी जान बच गई। घटना के बाद ट्रक मौके से वाहन लेकर फरार हो गया। घटना से सड़क पर कुछ देर के लिए जाम की स्थिति हो गई। राहगीरों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। घटना की जानकारी जैसे ही परिजनों को हुई रोते बिलखते पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे। देवेन्द्र प्रताप पेशे से निजी चिकित्सक रहे। इस संबंध में थानाध्यक्ष संतोष सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। ट्रक की तलाश की जा रही है।