चकिया। कोतवाली क्षेत्र के गढ़वा उत्तरी गांव निवासी प्रदीप मौर्य (30) की शनिवार शाम सड़क हादसे में मौत हो गई, जबकि उनका साथी बमबम गोंड (28) गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा कंचनपुर मार्ग पर मड़ईपुर गांव के पास हुआ। बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे बिजली के खंभे से टकरा गई। दोनों को जिला संयुक्त चिकित्सालय पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने प्रदीप को मृत घोषित कर दिया। गंभीर हालत में बमबम को वाराणसी ट्राॅमा सेंटर रेफर कर दिया गया।
बताया जाता है कि महावीर जयंती पर गांव में दो पक्षों के बीच मारपीट हो गई थी। इसमें एक पक्ष के मुन्ना यादव (65), मयंक यादव (33), पवन यादव (30) और अनिल यादव (25) घायल हो गए थे। सभी का उपचार जिला संयुक्त चिकित्सालय में चल रहा था। प्रदीप अपने साथी बमबम के साथ घायलों से मिलने अस्पताल जा रहे थे। मड़ईपुर गांव के पास उनकी बाइक अनियंत्रित होकर बिजली के खंभे से टकरा गई। इससे प्रदीप की मौत हो गई, जबकि बमबम गंभीर रूप से घायल हो गया। स्थानीय लोगों की मदद से दोनों को अस्पताल पहुंचाया गया।
प्रदीप सूरत में रहकर काम करते थे और दीपावली पर घर आए थे। वह माता-पिता के इकलौते पुत्र थे। उनकी मौत से पत्नी और दो बच्चों के सिर से पिता का साया उठ गया। हादसे की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। कोतवाल संजय कुमार सिंह ने बताया कि सड़क हादसे में युवक की मौत हुई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मारपीट के मामले की जांच की जा रही है। दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।