नियामताबाद। अलीनगर थाना क्षेत्र के सिंघीताली के पास शुक्रवार की देर रात वाराणसी से घर लौट रहे बाइक सवार की खड़े ट्रक से टक्कर हो गई जिससे एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई और दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया।
बिहार के मोहनिया थाना क्षेत्र के बेझिया गांव निवासी पवन पांडेय (26 वर्ष) और अभिषेक पांडेय (28 वर्ष) वाराणसी से अपने गांव लौट रहे थे। जैसे ही वे सिंघीताली के समीप पहुंचे, उनकी बाइक सड़क किनारे खड़ एक ट्रक से टकरा गई। हादसे में बाइक चला रहे पवन पांडेय की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं पीछे बैठा अभिषेक पांडेय गंभीर रूप से घायल हो गया। स्थानीय लोगों ने तत्काल उसे नजदीकी निजी अस्पताल में भर्ती कराया।
सूचना मिलते ही जफरपुरवा चौकी प्रभारी गिरीश राय पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार ट्रक सड़क किनारे खड़ा था। टक्कर लगने के बाद ट्रक चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया। सीओ कृष्णमुरारी शर्मा ने बताया कि पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मृतक के परिजनों को हादसे की सूचना दे दी गई है। वहीं, पुलिस ने ट्रक चालक की तलाश शुरू कर दी है और मामले में विधिक कार्रवाई की जा रही है।