शहाबगंज। थाना क्षेत्र के बडौरा गांव में शनिवार की शाम बच्चों के विवाद में बड़े भी कूद पड़े। इसके बाद दोनों पक्षों में जमकर मारपीट हो गई। मारपीट में दोनों पक्षों के नौ लोग घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों का इलाज स्थानीय प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर कराया। मामले में दोनों पक्षों ने एक-दूसरे के खिलाफ थाने में तहरीर दी है। पुलिस तहरीर के आधार पर पर मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई में जुट गई है।
गांव निवासी अशोक कुमार और रामसेतु के बच्चे आपस में खेल रहे थे। खेलने के दौरान बच्चों में झगड़ा शुरू हो गया। बच्चों को आपस में लड़ता देख बड़े भी वहां पहुंच गए। बच्चों को छुड़ाने की बजाए वे भी झगड़े में कूद पड़े। कुछ ही देर में दोनों पक्ष के बीच लाठी डंडे चलने लगे। जिसमें एक पक्ष से मनोहर( 62), अशोक (45), मुकेश (20) व दूसरे पक्ष से बिहारी (60), निहोर (56), गुड्डू (35), राम श्रृंगार (62), उपेंद्र (25) व बसंत (42) घायल हो गए। सूचना पर पुलिस गांव में पहुंच गई और घायलों को इलाज के लिए पीएचसी ले गई। दोनों पक्षों की ओर से दी गई तहरीर के आधार पर पुलिस मुकदमा दर्जकर अगली कार्रवाई में जुट गई है। इस संबंध में सीओ जगत कनौजिया ने बताया कि मारपीट की सूचना मिली है। पुलिस मुकदमा दर्ज कर जांच पड़ताल कर रही है।