कोतवाली अंतर्गत सुभाषनगर मुहल्ले में शनिवार की शाम बिजली चेकिंग करने गए बिजली विभाग की टीम पर कुछ लोगों ने हमला बोल दिया। हमलावरों ने एसडीओ, जेई सहित अन्य कर्मचारियों को मारपीट कर जख्मी कर दिया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया।
बिजली विभाग के एसडीओ सुुधीर श्रीवास्तव की ओर से दिए गए तहरीर के अनुसार उनके नेतृत्व में जेई मेहदी हसन, राजमणि वर्मा, लाइनमैन जगदीश शर्मा, अनिल आदि बिजली चेकिंग कर रहे थे। इस दौरान वे शाम पांच बजे सुभाष नगर स्थित रामनरेश सिंह के आवास पर पहुंचे। टीम ने बिजली काटने के बावजूद बिजली जलता देख भौचक रह गए। जैसा कि एक माह पूर्व दो लाख 29 हजार रुपये के बकाए में इस घर की बिजली का कनेक्शन काटा जा चुका था।
घर का कनेक्शन फिर से काट दिया गया। कनेक्शन काट कर अधिकारी आगे बढ़े थे तभी रामनरेश सिंह का पुत्र राकेश ने बिजलीकर्मियों के साथ गाली गलौज शुरू कर दिया। विरोध करने पर अवर अभियंता मोहम्मद मेंहदी हसन से मारपीट शुरू कर दी। बीच बचाव में अन्य लोग पहुंचे तो राकेश के साथियों ने अन्य कर्मियों को भी मारपीट कर जख्मी कर दिया। स्थानीय लोगोंे ने पुलिस को सूचित किया। इसके बाद हमलावर हटे। अधिकारियों की पिटाई की खबर मिलते ही विभागीयकर्मी उपकेंद्र पर एकत्र हुए व एक्सईएन एश्वर्य रघुवंशी के नेतृत्व में कोतवाली में पहुंच कर तहरीर दी। तहरीर के आधार पर पुलिस ने आरोपित के खिलाफ केस दर्ज की है। कोतवाल ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।