नौगढ़ विकास खंड के लौवारी कलां गांव के पास जंगल में लकड़ियां लेने गए युवक पर शुक्रवार को भालू ने हमला कर दिया। हमले में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। ग्रामीणों ने युवक को सीएचसी में भर्ती कराया। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सक ने घायल को ट्राॅमा सेंटर के लिए रेफर कर दिया।
गांव के ही रहने वाले संजय काेल रोज की तरह शुक्रवार को भी जंगल में जलावनी लकड़ी लेने गया था। जैसे ही वह जंगल के बीच पहुंचा कि जयमोहनी रेंज के अहमदा बीट के लौवारी जंगल में जंगली भालू ने संजय पर हमला बोल दिया। शोर मचाने पर आस-पास के लोग लाठी डंडा लेकर पहुंचे तो भालू ने संजय को छोड़ा और जंगल की तरफ भाग निकला।
मौके पर पहुंचे ग्राम प्रधान यशवंत सिंह यादव ने लोगों की मदद से उन्हें तत्काल प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर भर्ती कराया। भालू ने संजय का कान और गाल पूरी तरह नोच लिया था। डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद ट्राॅमा सेंटर वाराणसी के लिए रेफर कर दिया। उधर, घटना की सूचना मिलते ही जय मोहनी रेंजर मकसूद हुसैन भी मौके पर पहुंचकर घटना की जानकारी ली।
जंगली जानवरों के हमले का बना रहता है खतरा
चंद्रप्रभा और नौगढ़ के विभिन्न रेंज के अंतर्गत आने वाले जंगलों के बीच बसे गांव में रहने वाले लोगों के लिए हमेशा जंगली जानवरों के हमले का खतरा बना रहता है। इसके पहले भी भालू कई लोगों पर हमला कर उन्हें अपना शिकार बना चुके हैं। विभाग जंगली भालू को जंगल से बाहर न आने को लेकर कोई भी कड़ा कदम नहीं उठा पा रहा है।