पीडीडीयू जंक्शन से बाबा धाम रवाना होते कांवड़िया। संवाद
पीडीडीयू नगर। सावन के पहले सोमवार को भगवान शिव को जलाभिषेक करने के लिए क्षेत्र से कांवड़ियों के जत्थे रविवार की शाम काशी रवाना हुए। इससे पीडीडीयू नगर से काशी तक बम के जयकारे से गूंजते रहे। वहीं, जगह-जगह शिविर लगाकर स्वयंसेवी संगठनों ने कांवड़ियों को जल पान कराया।
कांवड़ियों और श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए प्रशासन ने रूट डायवर्जन की व्यवस्था लागू की है। रविवार की शाम सात बजे से पूरी रात कांवड़ियों की रवानगी का सिलसिला चलता रहा।
पीडीडीयू नगर के चतुर्भुजपुर, काली महाल, शाहकुटी, अलीनगर सहित विभिन्न मोहल्लों के साथ ही चंदौली, सैयदराजा, बबुरी से कांवड़ लेकर श्रद्धालु वाराणसी रवाना हुए। सावन के पहले सोमवार को कांवड़िये गंगा स्नान के बाद काशी विश्वनाथ का जलाभिषेक करेंगे।
वहीं, कांवड़ियों के लिए अलीनगर, मानसरोवर तालाब, जीटी रोड पर गल्ला मंडी, सुभाष पार्क, सुभाषनगर चौराहा, नई बस्ती में स्वयंसेवी संगठनों की ओर शिविर लगाए गए। यहां कांवड़ियों को शर्बत, चाय, हलवा-चना आदि वितरित किए गए।
पीडीडीयू जंक्शन से बाबा धाम रवाना होते कांवड़िया। संवाद