सकलडीहा के बसारिकपुर का सरोवर। संवाद
सकलडीहा विकासखंड के बसारिकपुर गांव स्थित तालाब का क्षेत्र पंचायत निधि से सुंदरीकरण कराया जाएगा। इसके लिए करीब एक करोड़ रुपये का आवंटन किया गया है। ब्लॉक प्रमुख अवधेश सिंह व बीडीओ विजय सिंह ने मंगलवार को तालाब का निरीक्षण किया।
प्रदेश सरकार ने हर ब्लाॅक के एक सरोवर को सुंदर बनाने के लिए एक करोड़ रुपये का बजट जारी किया है। ब्लाॅक के 104 गांवों में बसारिकपुर गांव के तालाब का चयन किया गया है।
योजना के तहत तालाब के चारों तरफ घाट, पानी के लिए मोटर पंप, सोलर व हाई मास्क लाइट, बैठने के लिए कुर्सी, औषधीय गुणों के पौधे लगाए जाएंगे। इनके रख रखाव के लिए मनरेगा से मजदूर भी लगाए जाएंगे।
घाटों पर सफाई के लिए सफाईकर्मी तैनात होंगे। ब्लाॅक प्रमुख ने बताया कि सरकार के निर्देश पर ब्लॉक के बसारिकपुर गांव के तालाब का चयन हुआ है।