आयोजित समारोह में शपथ लेते व्यापारी।
अखिल भारतीय उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल की ओर से शनिवार की रात मुख्यालय स्थित एक लॉन में पदाधिकारियों के शपथ ग्रहण समारोह का आयोजन किया गया। इसके मुख्य अतिथि संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष संदीप बंसल ने कहा कि सपा सरकार ने व्यापारी हित में सुरक्षा परिषद का गठन किया है। यह परिषद जल्द ही जनपद स्तर पर भी बनेगी। इससे व्यापारियों की सुरक्षा की चिंता काफी हद तक दूर हो जाएगी।
उन्होंने संगठन के पदाधिकारियों को पद की शपथ दिलाई। साथ ही आह्वान किया कि संकट की घड़ी में अपने साथी व्यापारियों का भरपूर सहयोग करें, जिससे आपकी एकता बनी रहेगी और संगठन दिन प्रतिदिन मजबूत होगा। इस अवसर पर बंसल ने कहा कि यदि कोई व्यापारी समस्याओं से घिरा हुआ है और मदद की गुहार करता है तो उसके सहयोग के लिए संगठन चौबीस घंटे तत्पर रहेगा। सपा छात्र सभा के प्रदेश उपाध्यक्ष मनोज सिंह काका ने कहा कि जब तब व्यापार व व्यापारी समृद्ध नहीं होगा, तब तक देश समृद्ध नहीं हो सकता। इसके पूर्व कलाकार मनोज रागी ने गीत सुनाए। इस मौके पर सपा जिलाध्यक्ष सत्यनारायण राजभर, यासीन अली, सरदार मंजीत सिंह, मयंक यादव, प्रेमचंद्र गुप्ता, दानिस इकबाल, नरेंद्र सिंह, लवकुश सेठ आदि उपस्थित रहे। संचालन राकेश शर्मा व धन्यवाद ज्ञापन बबलू सोनी ने किया।