मुगलसराय रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर दो पर लगा कूड़ाें का अंबार। अमर उजाला
रेल हमसफर सप्ताह के समाप्त हुए अभी तीन दिन ही बीते है कि मुगलसराय रेलवे स्टेशन पर सफाई व्यवस्था ध्वस्त होनी शुरू हो गयी। शनिवार को रेलवे स्टेशन का हाल पूरी तरह से बदहाल रहा। रेलवे ट्रेक पर गंदगी का अंबार लगा रहा वहीं नालियों से निकालकर प्लेटफार्म संख्या एक पर रखे गए सिल्ट की बदबू के बीच यात्री ट्रेनों का इंतजार करने के लिए विवश दिखाई दिए। यात्रियों का कहना था कि हम सफर सप्ताह के दौरान कैमरे के आगे पसीना बहाने वाले मंडल रेल अधिकारियों को मानों अब यात्रियों सुविधा की सुध ही न हो।
26 मई से एक जून तक पूरे भारतीय रेल में हमसफर सप्ताह जोरशोर से मनाया गया था। इसके तहत मंडल रेल प्रबंधक किशोर कुमार ने अन्य अधिकारियों संग सप्ताह के पहले दिन की शुरुआत स्टेशन पर झाड़ू लगाकर की थी। हजारों रुपये पोस्टर पर खर्च कर दिये गए। अपने कार्यों को रेलवे बोर्ड तक पहुंचाने के लिए इसकी फोटोग्राफी भी करायी गयी। हमसफर सप्ताह के आखिरी दिन एक जून को प्रेसवार्ता कर पूरे सप्ताह का ब्यौरा पेश किया जिसमें रेलवे स्टेशन की साफ-सफाई का खूब डंका पीटा। लेकिन इस आयोजन के पूर्ण होने के तीन दिन बाद रेलवे ट्रैक से लेकर प्लेटफार्म की स्थिति ऐसी की मानों कभी सफाई हुयी ही न हो। शनिवार को ट्रैक पर गंदगी का अंबार लगा रहा वहीं प्लेटफार्म पर जगह-जगह कूड़ा बिखरा दिखायी दिया।