पीडीडीयू नगर। नगर में सड़क के डिवाइडर पर लगाए गए स्ट्रीट लाइट के आकर्षक खंभों पर भी अतिक्रमण हो गया है। निजी प्रतिष्ठानों के बैनर-पोस्टर और फ्लैक्स बोर्ड टांग दिए गए हैं, जिससे खंभों की सुंदरता खराब हो रही है। वहीं, डिवाइडर पर रखे होर्डिंग्स राहगीरों के लिए खतरनाक साबित हो सकते हैं।
नगर में सरकारी भवनों, खंभों और गलियों में बैनर, पोस्टर और होर्डिंग की भरमार है। बड़ी कंपनियों के साथ स्थानीय प्रतिष्ठानों और व्यवसाय से जुड़े इश्तेहार से सरकारी भवनों की दीवारें रंगी हुई हैं। बिजली के खंभों से लेकर ट्रांसफार्मर की जाली पर भी होर्डिंंग्स और बैनर लगे हैं।
अब सड़क चौड़ीकरण के दौरान डिवाइडर पर लगाए गए स्ट्रीट लाइट के आकर्षक खंभों पर भी प्रचार सामग्री टांग दी गई है। लोगों का कहना है कि डिवाइडर और खंभों से प्रचार सामग्री तत्काल हटवाई जाए। वहीं, नगर पालिका के प्रभारी अधिशासी अधिकारी राजीव मोहन सक्सेना का कहना है कि नियम के खिलाफ लगाए गए बैनर-पोस्टर और होर्डिंग्स हटाई जाएंगी। जुर्माना भी वसूला जाएगा।