पीडीडीयू नगर के नई बस्ती में पीडब्ल्यूडी के जमीन पर हुआ अतिक्रमण।
- फोटो : CHANDAULI
पीडीडीयू नगर। नगर सहित जिले के प्रमुख बाजारों में यातायात की समस्या खत्म होने की जगह बढ़ती ही जा रही है। कारण कि सड़क से लेकर पटरियों और कालोनियों की गलियों में अतिक्रमण के चलते लोग निकल नहीं पा रहे हैं। बालू-गिट्टी, ठेले, खोमचे और अन्य दुकानें लगने से लोगों का निकलना मुश्किल हो गया है। पुलिस प्रशासन हो या लोक निर्माण विभाग या फिर नगर पालिका प्रशासन इनकी सुस्ती से अतिक्रमण बढ़ता जा रहा है जिससे दिनों दिन यातायात समस्या और बढ़ती जा रही है।
सड़क पर गिट्टी-बालू की होती है दुकानदारी
पीडीडीयू नगर में ही नई बस्ती के आगे सड़क किनारे पीडब्ल्यूडी की जमीन पर अवैध तरीके से गिट्टी-बालू को डंप कर धड़ल्ले से दुकानदारी की जा रही है। सड़क किनारे हुए अवैध कब्जे से आमजनों को काफी परेशानी होती है। कई बार लोग सड़क पर ही वाहनों को खड़ा करने को विवश रहते है। जबकि पीडब्ल्यूडी विभाग के अधिकारियों की निगाहें इन अवैध कब्जों तक पड़ती ही नहीं है। कोट: पीडब्ल्यूडी की जमीन पर अतिक्रमण करने वालों को नोटिस जारी किया जाएगा। यदि समय के भीतर अतिक्रमण नहीं हटाते हैं तो विभाग की ओर से अभियान चलाकर अतिक्रमण को हटाया जाएगा। इस पर आने वाला खर्च भी अतिक्रमण करने वालों से वसूला जाएगा। - डीपी सिंह, एक्सईएन, पीडब्ल्यूडी
रिपोर्ट - कमलजीत सिंह