कार्यकर्ताओं के साथ बैठे विधायक बब्बन सिंह चौहान।
- फोटो : chandauli
बसपा की राष्ट्रीय अध्यक्ष मायावती की नीतियों से नाराज मुगलसराय विधायक बब्बन सिंह चौहान ने शनिवार की शाम पार्टी से इस्तीफा दे दिया। उनका आरोप है कि विधानसभा चुनाव 2017 में टिकट के लिए उनसे दो करोड़ रुपये की मांग की गई। उन्होंने जब देने में असमर्थता जताई तो टिकट काट देने की धमकी दी गई। विधायक के इस्तीफे से जनपद की सियासत में हलचल मच गई है।
शनिवार को बब्बन सिंह चौहान ने प्रेसवार्ता में कहा कि वह पिछले दस साल से पार्टी के लिए दिन-रात मेहनत कर रहे हैं। पिछले विधानसभा चुनाव 2012 में उन्हें टिकट मिला और उन्होंने प्रदेश में सपा की लहर के बावजूद मुगलसराय विधानसभा सीट पर सपा प्रत्याशी बाबू लाल यादव को हरा दिया था। बब्बन चौहान ने बताया कि इस बार के चुनाव में शुरू से ही बताया गया था कि सिटिंग विधायक का टिकट नहीं कटेगा, बावजूद इसके उनसे दो करोड़ रुपये की मांग की गई और नहीं देने पर टिकट काटने की धमकी भी मिली।
विधायक ने कहा कि इस घटना से मुझे भावनात्मक ठेस पहुंची और मैंने ऐसी पार्टी जिसकी कोई नीति नहीं रह गई है, उसमें रहना मुनासिब नहीं समझा। इसलिए अपना त्यागपत्र पार्टी सुप्रीमो मायावती को भेज दिया है। विधायक बब्बन सिंह चौहान ने आरोप लगाया कि पार्टी में रहते हुए उन्हें किसी न किसी रूप से उपेक्षित किया जाता रहा है। लेकिन फिर भी वह सब सहते रहे। लेकिन धन की मांग कर के तो हद ही कर दी गई।