पीडीडीयू नगर। रेलवे ने ठंड और कोहरे के प्रभाव को देखते हुए स्थानीय जंक्शन से होकर गुजरने वाली छह जोड़ी ट्रेनों का संचालन रोकने के साथ कई ट्रेनों के फेरों में कटौती कर दी है। बावजूद इसके कोहरा पड़ते ही ट्रेनों की लेटलतीफी भी जारी है। बाबा बैद्यनाथ एक्सप्रेस एक घंटे तक की देरी से चल रही हैं।
बुधवार को डाउन नंदन कानन व जोधपुर एक्सप्रेस आधा घंटे, नार्थ ईस्ट एक्सप्रेस 20 मिनट, कालका मेल 15 मिनट, बाबा बैद्यनाथ एक्सप्रेस एक घंटे, अप भुवनेश्वर नई दिल्ली दुरंतो, महानंदा, हावड़ा नई दिल्ली व डिब्रूगढ़ नई दिल्ली एक्सप्रेस आधे घंटे की देरी से स्थानीय स्टेशन से रवाना हुईं। ट्रेनों की लेट लतीफी से यात्रियों को दिक्कत हो रही है। कोरोना की वजह से पहले ही सीमित संख्या में स्पेशल नाम से ट्रेनें चलाई जा रही हैं। कोहरे को देखते हुए रेलवे ने छह जोड़ी ट्रेनों को रद्द कर दिया है। वहीं एक दर्जन जोड़ी ट्रेनों के फेरों में कमी की गई है। इस संबंध में वरीय मंडल संरक्षा अधिकारी केएन सिंह यादव ने बताया कि ट्रेनों को सुरक्षित चलना रेलवे की पहली जिम्मेदारी है। ट्रेनों को समय से चलाने के भी उपाय किए जा रहे हैं।