मिर्जापुर में कैबिनेट मंत्री आशीष पटेल का ज्ञापन सौंपते आयुष चिकित्सक। स्रोत:-जागरूक पाठक
पीडीडीयू नगर। आयुष चिकित्सकों की मानदेय विसंगति को दूर करने और नियमितीकरण की मांग के लिए आयुष डॉक्टर्स वेलफेयर एसोसिएशन के प्रतिनिधिमंडल ने कैबिनेट मंत्री आशीष पटेल से मुलाकात की। मिर्जापुर स्थित आवास पर हुई मुलाकात के दौरान चिकित्सकों ने लंबित समस्याओं से अवगत कराते हुए समाधान की मांग की।
चिकित्सकों ने कहा कि लंबे समय से मानदेय में विसंगति और नियमितीकरण का मामला लंबित है। इससे आयुष चिकित्सकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने दोनों समस्याओं के शीघ्र निस्तारण की मांग की। इस पर कैबिनेट मंत्री ने चिकित्सकों की समस्याओं को गंभीरता और सहानुभूतिपूर्वक सुनते हुए आश्वासन दिया कि वह मुख्यमंत्री से इस संबंध में अनुरोध करेंगे, ताकि विसंगति दूर करने और नियमितीकरण पर उचित निर्णय लिया जा सके। प्रतिनिधिमंडल में डॉ. मनोज कुमार सिंह, डॉ. श्रीप्रकाश त्यागी, डॉ. अवनीश कुमार सिंह आदि आयुष चिकित्सक शामिल रहे।