पीडीडीयू नगर। चिकित्सकों के एसोसिएशन नीमा के डाक्टरों ने जिला प्रशासन से आयुष चिकित्सकों की क्लिनिकों को खोले जाने की अनुमति प्रदान करने की मांग की है।
संस्था के प्रदेश प्रवक्ता डा. ओपी सिंह ने कहा कि आयुष चिकित्सक जनपद की गरीब जनता को न्यूनतम मूल्य पर चिकित्सा उपलब्ध कराते हैं। लॉकडाउन के दौरान क्लीनिक बंदी के आदेश की वजह से ही आयुष चिकित्सक प्रशासन द्वारा कोविड-19 इंफेक्शन प्रिवेंशन कंट्रोल प्रोटोकाल व रोकथाम का प्रशिक्षण भी प्राप्त कर चुके हैं। इसके बाद भी वे गरीब जनता की सेवा नहीं कर पा रहे है। संस्था के प्रदेश सचिव डा. यूएस पांडेय ने कहा कि जिस देश की 80 प्रतिशत जनता गरीब हो वहां सस्ता उपचार देनी वाली संस्था नीमा के चिकित्सालयों को बंद कर देना चिंताजनक है। कहा कि केंद्र सरकार और जिला प्रशासन के स्वास्थ्य विभाग द्वारा आयुष चिकित्सकों को कोविड-19 इंफेक्शन प्रोवेंशन कंट्रोल प्रोटोकाल व रोकथाम प्रशिक्षण प्रदान किया गया है। एलोपैथिक चिकित्सकों को नर्सिग होम क्लीनिक खोलने की अनुमति प्रदान करने की सूची डीएम के पास अनुमोदित करने के लिए भेजी गई है लेकिन नीमा के चिकित्सकों के लिए अभी तक क्लीलिक खोलने की अनुमति का कोई प्रस्ताव नहीं बनाया गया है।