अलीनगर थाना क्षेत्र के रेवसा गांव के पास बुधवार को देर शाम नेशनल हाईवे की सर्विस रोड पर गड्ढे के कारण बड़ा हादसा हो गया।
सवारी लेकर घर जा रहा ऑटो रिक्शा गड्ढे पर अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे में ऑटो चालक की मौके पर मौत हो गई, जबकि दो यात्री घायल हो गए। दुर्घटना के बाद पहुंची पुलिस ने घायलों को निजी अस्पताल में भर्ती कराया और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
सदर कोतवाली क्षेत्र के नसीरपुर गांव निवासी किशन यादव (23) ऑटो चलाकर परिवार का भरण-पोषण करता था। बुधवार को देर शाम वह सवारी लेकर घर लौट रहा था। वह रेवसा गांव के पास नेशनल हाईवे की सर्विस रोड पर पहुंचा, सड़क के गड्ढे में पहिया जाने से ऑटो का संतुलन बिगड़ गया।
चालक जब तक वाहन को संभाल पाता, ऑटो अनियंत्रित होकर गड्ढे में पलट गया। हादसे में ऑटो चालक किशन की मौत हो गई। वहीं, ऑटो में सवार दो यात्री घायल हो गए।
आसपास के लोगों ने पुलिस को घटना की जानकारी दी। कुछ ही देर में अलीनगर पुलिस पहुंची और घायलों को निजी अस्पताल भेजा।
किशन की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। मृतक के पिता अक्षय लाल यादव, मां कुसुम देवी, छोटे भाई अंकित यादव और पत्नी सुमन यादव रोते-बिलखते घटनास्थल पर पहुंचे। परिजनों ने बताया कि किशन की मौत से परिवार के सामने रोजी-रोटी का संकट खड़ा हो गया है।