चंदौली जिले के इलिया थाना क्षेत्र स्थित एक गांव के खंडहरनुमा घर में शनिवार को युवक ने कक्षा तीन की छात्रा के दुष्कर्म का प्रयास किया। सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस आरोपी युवकी को पकड़कर थाने ले आई। बाद में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र शहाबगंज में मेडिकल कराने के दौरान पुलिसकर्मियों को चकमा देकर फरार हो गया। आरोपी के फरार होते पुलिसकर्मियों में हड़कंप मच गया। सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस अधिकारी आरोपी युवक की तलाश में जुट गए है। लापरवाही बरतने के आरोप में पुलिस अधीक्षक हेमंत कुटियाल ने एक सिपाही और होमगार्ड को निलंबित कर उनके खिलाफ मुकदमा दर्ज कर दिया।
गांव निवासी सद्दाम (22) शनिवार की सुबह गांव की ही सात वर्षीय कक्षा तीन की छात्रा को बहलाफुसलाकर खंडहरनुुमा घर में ले गया। इसके बाद उसके साथ दुष्कर्म का प्रयास करने लगा। जिस पर छात्रा चीखने-चिल्लाने लगी। लड़की की चिल्लाने की आवाज सुनकर कुछ ग्रामीण खंडहर की ओर गए। ग्रामीणों को खंडहर की ओर आता देख सद्दाम मौके से फरार हो गया।
इसके बाद लोगों ने इसकी सूचना छात्रा के परिवार वालों को दी। बाद में पीड़िता के परिवारवालों ने युवक को पकड़ लिया और उसकी पिटाई कर दी। इस बीच किसी ने इसकी सूचना पुलिस को दे दी। मौके पर पहुंची पुलिस आरोपी को पकड़कर थाने ले आई। पीड़िता के परिवार वालों की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा पंजीकृत कर लिया।
इसके बाद थाना प्रभारी ने कांस्टेबल राम सिंह और एक होमगार्ड के साथ आरोपी को मेडिकल परीक्षण के लिए शहाबगंज स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर भेज दिया। इस दौरान आरोपी पुलिसकर्मियों को चकमा देकर मौके से फरार हो गया। आरोपी के फरार होने की सूचना मिलते ही पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंच गए। सीओ चकिया नीरज पटेल ने बताया कि आरोपी युवक के फरार होने की सूचना मिली है। युवक की तलाश की जा रही है। इस संबंध में पुलिस अधीक्षक हेमंत कुटियाल ने बताया कि लापरवाह पुलिसकर्मियों को निलंबित कर मुकदमा कराया जा रहा है। साथ ही फरार आरोपी को पुलिस कस्टडी से भागने के मामले में एक और मुकदमा दर्ज कराया गया है।