नियामताबाद। थाना क्षेत्र के लाखापुर मड़ई गांव स्थित पं. दीनदयाल उपाध्याय नगर-बबुरी मार्ग पर बुधवार की देर रात चोरों ने कम्पोजिट अंग्रेजी व देसी शराब की दुकान में चोरी का प्रयास किया। ग्रामीणों की सतर्कता से दुकान में अंदर के गेट का ताला न टूट पाने के कारण चोर अपने मंसूबों में कामयाब नहीं हो सके।
दर्शन चौहान के स्वामित्व वाली इस दुकान पर रात में चोरों ने पहले दुकान के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे को तोड़कर चुरा लिया। इसके बाद बल्ब फोड़ दिए, ताकि अंधेरे में चोरी की घटना को अंजाम दिया जा सके। इसके बाद उन्होंने दुकान के मुख्य शटर का ताला तोड़कर भीतर प्रवेश किया, लेकिन अंदर के गेट का ताला तोड़ने में असफल रहे। इसी बीच ग्रामीणों के जगने की आहट से चोर घबरा गए और वहां से भाग निकले। घटना की जानकारी मिलते ही सेल्समैन सुरेश जायसवाल ने पुलिस को सूचना दी। सूचना पर 112 नंबर पुलिस और हल्का प्रभारी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल पर जांच पड़ताल की। जांच के दौरान पुलिस को लोहा काटने का गैस कटर बरामद हुआ। फिलहाल पुलिस सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी साक्ष्य और बरामद सामान के आधार पर जांच में जुटी है। थानाध्यक्ष विनोद कुमार मिश्र ने बताया कि मामला प्रथम दृष्टया संदिग्ध प्रतीत हो रहा है। मामले की जांच की जा रही है।