पीडीडीयू नगर/पड़ाव। आसमान में अचानक गूंजती लड़ाकू विमान की गर्जना, पलक झपकते ही आंखों से ओझल होती उसकी रफ्तार और फिर हवा में एक के बाद एक हैरतअंगेज करतब। कभी विमानों की गर्जना से रोमांच चरम पर पहुंचा तो कभी आसमान में तिरंगे की आकृति उभरते ही भारत माता की जय और वंदे मातरम के उद्घोष से गंगा का किनारा गूंज उठा। सूर्य किरण एरोबेटिक टीम ने आसमान में दिल बनाकर पहले दिन के एयर शो का समापन किया तो दर्शक इस यादगार नजारे को अपने मोबाइल कैमरों में कैद करने में जुट गए।
डोमरी-सूजाबाद क्षेत्र में एयर शो देखने के लिए भीड़ उमड़ी। महिलाओं और बच्चों में सबसे ज्यादा उत्साह रहा। सुबह आठ बजे से ही परिवारों के साथ लोगों का पहुंचना शुरू हो गया। कई लोग घर से नाश्ता, पानी और चटाई लेकर आए थे, जबकि कुछ लोगों ने दोपहर की कड़ी धूप की परवाह किए बिना खड़े रहकर वायुसेना का पराक्रम देखते रहे।
-
नाश्ता, पानी और चटाई के साथ पहुंचे परिवार, घाट बना पिकनिक स्थल
एयर शो देखने के लिए चंदौली के अलावा मऊ, आजमगढ़, रामनगर और वाराणसी से भी बड़ी संख्या में परिवार पहुंचे। कई परिवार सुबह आठ बजे ही डोमरी पहुंच गए थे, जबकि मुख्य प्रदर्शन दोपहर में शुरू होना था। लोग अपने साथ नाश्ता, पानी के साथ बैठने के लिए चटाई लेकर आए। गंगा किनारे अनुकूल जगह देखकर उन्होंने चटाई बिछाई और बच्चों के साथ बैठकर प्रदर्शन का इंतजार किया। कुछ परिवारों ने छांव में बैठकर नाश्ता किया तो कुछ ने बच्चों को मैदान में खेलते हुए समय बिताने दिया। लोगों के लिए यह केवल एयर शो देखने का अवसर नहीं, बल्कि परिवार के साथ यादगार पल बिताने का भी मौका था। बच्चे बार-बार पूछ रहे थे कि विमान कब आएगा और कौन-सा विमान सबसे तेज उड़ता है। जैसे ही आसमान में विमान दिखाई देता, वे अपने परिजनों को आवाज देकर उस ओर देखने के लिए कहते। मोबाइल फोन से तस्वीरें और वीडियो बनाने का सिलसिला भी लगातार चलता रहा।
-
बहादुरपुर से कटेसर तक तैयार मैदान, अवधूत भगवान राम घाट पर सबसे ज्यादा भीड़
गंगा के इस पार चंदौली के बहादुरपुर से कटेसर तक करीब पांच किलोमीटर के क्षेत्र में लगभग 300 हेक्टेयर जमीन को समतल कर बैरिकेडिंग की गई। इतने बड़े क्षेत्र में दर्शकों के लिए जगह तैयार की गई थी, लेकिन पहले दिन भीड़ का दबाव सभी स्थानों पर एक जैसा नहीं रहा। कटेसर, सतुआ बाबा आश्रम और डोमरी की ओर अपेक्षाकृत कम लोग पहुंचे, जबकि वाराणसी के नमो घाट के सामने स्थित अवधूत भगवान राम घाट पर सबसे ज्यादा भीड़ दिखाई दी। यहां घाट की सीढ़ियां और नीचे का मैदान दर्शकों से भर गया था। लोग इस स्थान पर खड़े होकर विमानों का प्रदर्शन देखने के लिए उत्सुक थे।
-
पड़ाव चौराहे पर सुबह नौ बजे से वाहनों की रोकथाम
यातायात व्यवस्था संभालने के लिए चंदौली पुलिस के जवान सुबह आठ बजे से ही पड़ाव चौराहे पर पहुंच गए। सुबह नौ बजे तक चौराहे के चारों ओर से वाहनों की आवाजाही रोक दी गई। अचानक वाहनों को रोकने के कारण शुरुआत में करीब आधे घंटे तक जाम जैसी स्थिति बनी, लेकिन बाद में यातायात सामान्य हो गया। सुबह करीब 11 बजे तक गंगा किनारे रहने वाले कुछ लोग अंदर घाट की ओर जाते दिखाई दिए, क्योंकि उस समय वहां भीड़ अपेक्षाकृत कम थी। हालांकि, दोपहर 12 बजे के बाद रामनगर-पड़ाव मार्ग से अंदर की ओर जाने वाले लोगों को भी रोक दिया गया।
कोट-
-सुरक्षा में कोई कसर नहीं छोड़ी गई थी। लोगों को कोई परेशानी नहींं हुई। पुलिस के 1800 जवान अलग-अलग जगह तैनात रहे। अब 24 और 25 अक्तूबर की व्यवस्था और मजबूत बनाई जाएगी। - आकाश पटेल, एसपी, चंदौली
पड़ाव के डोमरी में तिरंगा बनाते विमान को देखने उमड़ी भीड़। संवाद
पड़ाव के डोमरी में तिरंगा बनाते विमान को देखने उमड़ी भीड़। संवाद
पड़ाव के डोमरी में तिरंगा बनाते विमान को देखने उमड़ी भीड़। संवाद
पड़ाव के डोमरी में तिरंगा बनाते विमान को देखने उमड़ी भीड़। संवाद
पड़ाव के डोमरी में तिरंगा बनाते विमान को देखने उमड़ी भीड़। संवाद
पड़ाव के डोमरी में तिरंगा बनाते विमान को देखने उमड़ी भीड़। संवाद
पड़ाव के डोमरी में तिरंगा बनाते विमान को देखने उमड़ी भीड़। संवाद