पीडीडीयू नगर (चंदौली)। चहनिया। बलुआ थाने की पुलिस टीम ने रविवार की रात नदेसर गांव में संचालित एक अवैध असलहा फैक्टरी का भंडाफोड़ किया। पुलिस ने मौके से तीन तमंचे, कई अर्द्धनिर्मित असलहे और भारी मात्रा में बनाने के उपकरण बरामद किए ।
संचालक को तीन दिन में एक असलहा तैयार करने के ऑर्डर मिलते थे। मौके से एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है। जबकि 5 अन्य आरोपियों की तलाश के लिए टीम गठित कर दी गई है। मामले का खुलासा सोमवार को पुलिस लाइन में एसपी आदित्य लांग्हे ने किया।
एसपी ने बताया कि बलुआ पुलिस टीम को गोपनीय सूचना मिली थी कि नदेसर गांव में एक व्यक्ति के मकान में अवैध असलहा फैक्टरी चलाई जा रही है। जिसके बाद रात करीब 7 बजे पहुंची पुलिस ने अवैध असलहा फैक्टरी का भंडाफोड़ किया। पुलिस ने मौके से 12 बोर और 315 बोर के तीन तमंचे, कारतूस और तमंचा बनाने में प्रयुक्त दर्जनों पुर्जे व भारी मात्रा में उपकरण बरामद किए।
इस दौरान संचालक संजय शर्मा उर्फ संजू (53) निवासी ग्राम नदेसर मारूफपुर, को मौके पर असलहा बनाते हुए गिरफ्तार किया गया। एसपी ने इसके लिए बलुआ पुलिस टीम को 20 हजार रुपये नकद इनाम देने की घोषणा की।