चंदौली। जिले के लोगों को पासपोर्ट के लिए अब लखनऊ के चक्कर नहीं काटने पड़ेंगे। जिला मुख्यालय पर ही पासपोर्ट के लिए आवेदन कर सकेंगे। जिला मुख्यालय के मुख्य डाकघर में मोबाइल पासपोर्ट वैन सेवा की शुरूआत सोमवार को हुई। मुगलसराय के भाजपा विधायक रमेश जायसवाल ने फीता काटकर इस सेवा की शुरूआत की।
इस मौके पर भाजपा विधायक रमेश जायसवाल ने कहा कि केंद्र और प्रदेश सरकार लोगों की सुविधा के लिए नित नई योजनाएं शुरू कर रही है। कहा कि मोबाइल पासपोर्ट वैन सेवा इसी की एक और कड़ी है। उन्होंने कहा कि इस पासपोर्ट वैन से जिले के लोगों को पासपोर्ट ऑफिस का चक्कर नहीं लगाना पड़ेगा। केंद्र सरकार और राज्य सरकार की ओर से एक महत्वपूर्ण पहल से क्षेत्रीय पासपोर्ट कार्यालय लखनऊ की ओर से मोबाइल पासपोर्ट वैन सेवा की शुरुआत की गई है।
इससे दूरदराज क्षेत्रों में रहने वाले नागरिकों को लंबी दूरी तय किए बिना ही पासपोर्ट आवेदन की सुविधा उनके नजदीकी स्थान पर मिल सके।
जिया मुख्यालय के मुख्य डाकघर में 14 और 15 अक्तूबर तक यह सेवा उपलब्ध रहेगी।
रोजाना 50 सामान्य अपॉइंटमेंट जारी किए जाएंगे। कहा कि इच्छुक आवेदक www.passportindia.gov.in पोर्टल पर केंद्र के रूप में VAN - 1 का चुनाव कर अपना अपॉइंटमेंट बुक कर सकते हैं। इससे जिले के युवओं को काफी लाभ होगा उन्हें दूर नहीं जाना होगा और पास में पासपोर्ट बनवाने की सुविधा प्राप्त हो जाएगी। संवाद