नई दिल्ली से हावड़ा जा रही डाउन 12305 नई दिल्ली हावड़ा राजधानी एक्सप्रेस ट्रेन में ख़राब खाना परोसे जाने से नाराज यात्रियों ने शनिवार की रात 10 बजे ट्रेन को मुगलसराय स्टेशन पर एक घण्टे तक रोके रखा। इस दौरान यात्रियों ने रेल प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।राजधानी एक्सप्रेस अपने निर्धारित समय से 20 घण्टे की देरी से शनिवार की रात 10 बजे यहां पहुंची।
मुगलसराय स्टेशन के प्लेटफार्म संख्या एक पर ट्रेन के पंहुचने पर यात्रियों ने पेंट्रीकार में जाकर ख़राब खाने की शिकायत की। अधिकारियों के ध्यान न देने पर यात्री उग्र हो गए और हाथ में खाना लेकर प्लेटफार्म पर उतर कर हंगामा करना शुरू कर दिया। यात्रियों ने आरोप लगाया कि इलाहबाद रेलवे स्टेशन के बाद उन्हें जो खाना परोसा गया वह घटिया था। यही नहीं खाना निर्धारित मात्रा के अनुसार भी नहीं परोसा गया। ट्रेन पहले से अत्यधिक देरी से चल रही थी। यात्री भूख से व्याकुल हैं। खराब खाना मिलने से उनके बीमार होने का खतरा है।
उन्होंने आरोप लगाया कि रेलवे विभाग यात्रियों की जान से खिलवाड़ कर रहा है। वही हंगामा उग्र होता देख जीआरपी व आरपीएफ के साथ रेलवे के अधिकारी मौके पर पहुंचे जहां यात्रियों की शिकायत सुनने के बाद उन्हें स्वच्छ भोजन देने का आश्वासन दिया। उसके बाद ही यात्री शांत हुए और ट्रेन आगे रवाना हुई ।