पड़ाव। टंकी की साफ-सफाई न होने और जगह-जगह पाइप लाइन क्षतिग्रस्त होने की वजह से लोगों के घर तक दूषित पानी की आपूर्ति हो रही है। इससे आक्रोशित ग्रामीणों ने शुक्रवार को सपा नेता विशाल सिंह के नेतृत्व में सुजाबाद पानी टंकी के पास खाली बाल्टी लेकर विरोध प्रदर्शन किया। जल निगम के अधिकारियों पर सुस्ती का आरोप लगाया। कहा कि पाइपलाइन की मरम्मत शीघ्र कराकर शुद्ध पानी की आपूर्ति की जाए।
पानी टंकी के पास पहुंचे सेमरा, भोजपुर, जलीलपुर, चौरहट, मढ़िया के ग्रामीणों ने कहा कि जलनिगम की टंकी का पानी गंदा आ रहा है। टंकी की साफ सफाई नहीं की गई है। पाइपलाइन जगह-जगह क्षतिग्रस्त हैं। मोटर जलने से पानी की आपूर्ति भी ठीक नहीं है। हैंडपंप खराब पड़े हैं। कहा कि एक तरफ कोरोना जैसी महामारी और दूसरे दूषित पानी की समस्या ग्रामीणों के लिए गंभीर स्थिति उत्पन्न कर दिया है। सपा नेता विशाल सिंह ने कहा कि समस्या के समाधान के लिए पूर्व में अधिशासी अभियंता को पत्र भी दिया गया है, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। जल निगम के अधिकारी अपने में मस्त हैं और आम जनमानस सुबह-शाम बाल्टी लेकर दौड़ रहा है। उन्होने तत्काल पेयजल की आपूर्ति ठीक कराने की मांग की। चेतावनी दिया कि यदि पानी आपूर्ति नियमित नहीं हुई, शुद्ध पानी नहीं मिला तो ग्रामीण आंदोलन के लिए बाध्य होंगे। इस मौके पर अनिल पटेल, शशिकांत साहनी, रोहित पटेल, सरफराज, इमरान, शिव पासवान, कमल गुप्ता, मुकेश यादव, रितिक यादव, सौरव यादव, चंद्रशेखर पटेल, श्रेयांश त्रिपाठी, राजबहादुर, पंकज सिंह, अशोक सिन्हा आदि शामिल रहे।