नियामताबाद। अलीनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत बिलारीडीह गांव निवासी बुधवार की रात रहस्यमय परिस्थितियों में गायब हो गया। सूचना के बाद युवक की खोजने निकली पुलिस को युवक का लोअर, चप्पल और मोबाइल राष्ट्रीय राजमार्ग दो स्थित रामनगर गंगा पुल के किनारे पड़ा मिला। बृहस्पतिवार को परिवार वालों ने थाने पहुंचकर युवक की अपहरण कर हत्या किए जाने का शक जताते हुए मुकदमा दर्ज किए जाने की मांग की। कुछ देर बाद पुलिस पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए बिलारीडीह गांव के समीप हाइवे पर जाम लगा दिया। स्थानीय लोगों और पुलिस के समझाने के बाद लोग शांत तब जाकर जाम समाप्त हो सका। इस दौरान लगभग एक घंटे तक एनएच पर जाम लगा रहा।
अलीनगर थाना क्षेत्र के महेवा ग्रामसभा के बिलारीडीह गांव निवासी सेवालाल बिंद मजदूरी करते है। उनका पुत्र मनोज बिंद घर पर ही रहता था। बुधवार की रात गांव में उसका किसी बात को लेकर एक व्यक्ति से विवाद हो गया। इसके बाद वह घर लौट आया। परिवार वालों ने बताया कि कुछ देर बाद वह शौच जाने की बात कहकर घर से निकल गया और काफी देर तक नहीं लौटा। इसके बाद परिवार वालों ने युवक की खोजबीन शुरू की। युवक का कहीं भी पता नहीं चलने पर परिवार वालों ने अलीनगर थाने पर इसकी सूचना दी। इसके बाद पुलिस ग्रामीणों के साथ रात में ही युवक की खोजबीन करने लगी। इस दौरान सभी लोग जैसे ही एनएच दो स्थित रामनगर गंगा पुल के समीप पहुंचे तो वहां युवक का लोअर,मोबाइल और चप्पल पड़ी हुई मिली। गंगा में डूबने का शक होने पर बृहस्पतिवार को अलीनगर और रामनगर थाने की पुलिस ने गोताखोरों की मदद से उसे नदी में ढूंढा लेकिन उसका कहीं भी पता नहीं चल सका। बाद में दर्जनों की संख्या में ग्रामीण अलीनगर थाने पहुंच गए और युवक की हत्या किए जानेे की आशंका जताते हुए मुकदमा दर्ज किए जाने की मांग करने लगे। जबकि पुलिस जांच के बाद कार्रवाई की बात कहने लगी। इस पर नाराज ग्रामीणों ने गांव के पास एनएच दो को जाम कर दिया। इसकी सूचना मिलते ही सीओ सदर केपी सिंह, मुगलसराय कोतवाल शिवानन्द मिश्रा, अलीनगर एसएचओ ब्रजेश चन्द्र तिवारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे गए। ग्रामीण तत्काल कार्रवाई किए जाने की मांग पर अड़े रहे। बाद में सयुस नेता डीएन यादव, गौरी ग्रामप्रधान विनोद बिंद व भाजपा नेता राजेश द्विवेदी के समझाने पर लोग शांत हुए और जाम सामप्त की दिया। इस बाबत अलीनगर थाना प्रभारी निरीक्षक ब्रजेश चन्द्र तिवारी ने बताया कि मनोज के गंगा नदी में छलांग लगाने की सूचना मिली है। मामले की जांच पड़ताल की जा रही है। जो भी दोषी होगा उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।