पीडीडीयू नगर। नगर के लोको कॉलोनी में स्थित पीडीडीयू मंडलीय लोको अस्पताल के चिकित्सक के दुर्व्यवहार से नाराज होकर स्वास्थ्यकर्मियों ने शुक्रवार की दोपहर में ईसीआरकेयू के बैनरतले नारेबाजी की। मुख्य चिकित्साधीक्षक कार्यालय के बाहर डेढ़ घंटे तक हो हल्ला के बाद चिकित्सक ने कर्मियों वे माफी मांगी। इसके बाद स्वास्थ्य कर्मी शांत हुए और काम पर वापस लौटे।
स्वास्थ्यकर्मियों ने आरोप लगाया कि बृहस्पतिवार को अस्पताल में एक मरीज आया। स्वास्थ्य कर्मी ने चिकित्सक को बुलाया तो चिकित्सक ने अपशब्द कहे। इससे स्वास्थ्य कर्मी नाराज हो गए। शुक्रवार की दोपहर में ईस्ट सेंट्रल रेलवे कर्मचारी यूनियन के पदाधिकारी पहुंचे। यहां स्वास्थ्य कर्मियों के साथ मिलकर मुख्य चिकित्साधीक्षक कार्यालय के बाहर खूब नारेबाजी की। स्वास्थ्यकर्मियों ने सीएमएस और चिकित्सक को बुलाकर माफी मांगने की मांग शुरू कर दी। बाद में मौके पर पहुंचे चिकित्सक ने आरोप लगाया कि स्वास्थ्यकर्मियों ने उनके साथ बदतमीजी की है। इसको लेकर लगभग एक घंटे तक हो हल्ला होता रहा। बाद चिकित्सक ने माफी मांगी। इसके बाद स्वास्थ्यकर्मियों का प्रदर्शन समाप्त हुआ। नारेबाजी करने वालों में रंजना सिंह, रेनु, राजेन्द्र प्रसाद, कुलदीप कुमार, एम जैकब, भगवान लाल, ईसीआरकेयू के अशोक सिंह, एसके बघेल, संजय शर्मा, हरेन्द्र प्रसाद, संजय सिंह, केपी सिंह, हिमांशु शेखर, विनय कुमार, एमपी यादव, अश्वनी सिंह, मुन्ना सिंह,रोहित सिंह, संतोष गोंड रहे।