चकिया। स्थानीय मुहम्मदाबाद गांव में स्थित उप मंडी समिति में संचालित क्रय केंद्र पर धान की खरीद न करने तथा क्रय केन्द्र प्रभारी पर मनमानी का आरोप लगा सोमवार को किसान नाराज हो गए। भारतीय किसान यूनियन के तहसील अध्यक्ष वीरेंद्र पाल के नेतृत्व में किसनों ने क्रय केंद्र प्रभारी प्रदीप कुमार गुप्ता को बंधक बना लिया तथा एसडीएम को मौके पर बुलाने की मांग करते हुए धरने पर बैठ गये। बाद में उपजिलाधिकारी अजय मिश्र ने क्रय केंद्र प्रभारी को तत्काल बोरा उपलब्ध कराकर किसानों की धान खरीदने का निर्देश मोबाइल से दिया। जिस पर किसानों ने क्रय केन्द्र प्रभारी के मुुक्त किया।
किसानों ने आरोप लगाया कि 06 जनवरी से केंद्र संचालित है, यहां 230 किसानों ने नंबर लगा रखा है लेकिन अभी तक सिर्फ 14 किसानों का धान खरीदा गया है। जबकि कागज पर 27 किसानों का 2800 कुंतल धान की खरीद की जा चुकी है। कहा कि यह कृत्य इस ओर इंगित कर रहा है कि धान की खरीद बिचैलियों के माध्यम से हो रही है। किसानों ने कहा कि वास्तविक किसानो का धान नहीं खरीदा जा रहा है। उपर से क्रय केंद्र प्रभारी द्वारा बोरा न होने का हवाला देकर किसानों को गुमराह कर रहे है। लेहरा निवासी किसान जितेंद्र पांडेय, पालपुर निवासी आनंद यादव, शेरवां निवासी रघुनाथ उपाध्याय, चंद्र भूषण तिवारी, राजेंद्र उपाध्याय आदि किसानों ने बताया कि पिछले पांच दिन से धान केंद्र पर पड़ा हुआ है लेकिन बोरे के अभाव में धान की खरीद नहीं हो पा रही है। इस दौरान भाकियू के ब्लाक उपाध्यक्ष रोहित मेहता, शैलेश पांडेय, विरेंद्र उपाध्याय, सदानंद मौर्य, प्रकाश चंद्र मिश्र मौजूद रहे।