उतरौत में डंपर पलटने से बच्चे की मौत के बाद रोते बिलखते परिजन। स्रोत:-जागरूक पाठक
पीडीडीयू नगर। बबुरी थाना क्षेत्र के उतरौत बाजार में बृहस्पतिवार की दोपहर दो बजे भारतमाला परियोजना के तहत सड़क निर्माण में लगा तेज रफ्तार डंपर बिजली का खंभा तोड़ते हुए सड़क किनारे पलट गया। इस दौरान वहां खेल रहे पांच साल के शिवांश की दबने से मौत हो गई।
इससे नाराज लोगों ने डंपर का शीशा तोड़ दिया। ड्राइवर की लाठी-डंडे और लात-घूंसों से पिटाई की। लोगों ने ड्राइवर को पुलिस के हवाले कर दिया। गुस्साए लोगों ने एक घंटे तक जाम लगा दिया।
भारतमाला परियोजना में कार्य करा डंपर बृहस्पतिवार को मिट्टी लादकर डंपर उतरौत बाजार से होकर गुजर रहा था। इसी दौरान वह अनियंत्रित होकर बिजली के खंभे से टकराने के बाद पलट गया।
उसके नीचे दबकर पांच वर्षीय शिवांश पुत्र छोटू की मौत हो गई। घटना के बाद ग्रामीणों ने डंपर चालक पर शराब के नशे में वाहन चलाने का आरोप लगाया। लोगों ने कहा कि चालक तेज रफ्तार में था और वाहन से नियंत्रण खो चुका था। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि सड़क निर्माण कार्य में लगे भारी वाहनों की न तो नियमित तकनीकी जांच होती है और न ही चालकों का मेडिकल या अल्कोहल की जांच कराई जाती है। इस दौरान लोगों ने प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। सूचना पर पुलिस पहुंची और बैरिकेडिंग कर स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया। कुछ देर तक क्षेत्र में तनावपूर्ण माहौल रहा।
ग्रामीणों ने मांग की है कि रिहायशी इलाकों में भारी वाहनों की आवाजाही पर रोक लगाई जाए, गति सीमा का सख्ती से पालन किया जाए, चालकों की नियमित मेडिकल व अल्कोहल जांच की जाए। पुलिस ने शव पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। थानाध्यक्ष सूर्यप्रकाश ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।