पीडीडीयू नगर। बबुरी थाना क्षेत्र के भागुपुर गांव के पास बृहस्पतिवार को बेकाबू कार ने खेत के किनारे बैठी सौ साल की वृद्धा को रौंद दिया। इससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई। हादसे के बार कार छोड़कर चालक भाग गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आरोपी चालक की तलाश कर रही है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार भागुपुर निवासी झींगल मौर्य की पत्नी मनोहरी देवी खेत के किनारे धूप में बैठी थी। इसी बीच एक कार अचानक अनियंत्रित होकर मनोहरी देवी को कुचलते हुए खेत में चली गई। हादसे में वृद्धा की मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलने पर बबुरी थाने के प्रभारी निरीक्षक विनोद कुमार मिश्रा मौके पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और आरोपी चालक की तलाश की जा रही है।